बिजनौर में लाखों की चोरी का खुलासा, नौकर गिरफ्तार:आरोपी के घर से सोने-चांदी के जेवरात और 76 हजार नकद बरामद
बिजनौर में अफजलगढ़ पुलिस ने मिठाई की दुकान में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए पूर्व नौकर मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात और 76,232 रुपए की नकदी बरामद की है। मंगलवार को एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि कासमपुरगढ़ी के रहने वाले लाला कृष्ण मोहन गुप्ता की मिठाई की दुकान में शनिवार रात चोरी हुई थी। समारोह के चलते दुकान में रखे जेवरात और नकदी की चोरी की जानकारी सोमवार सुबह हुई। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद कैफ पहले दुकान पर नौकर था। उसे दुकान और मालिक के घर की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने रेकी की और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी रखने की जगह का पता लगाया। इसके बाद पेड़ पर चढ़कर घर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दुकान के शटर के ऊपर से अंदर घुसता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और मंगलवार को सीरवासुचंद गांव से गिरफ्तार कर लिया। जेवरात और नकदी बरामद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए। इनमें एक चेन, नौ अंगूठियां, दो टीके, दो नथ, आठ जोड़ी कुंडल और एक मंगलसूत्र शामिल हैं। इसके अलावा 76,232 रुपए की नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)