बिलाल हत्याकांड में तीसरे गवाह से जिरह:100 से ज्यादा सवाल पूछे, 26 अक्टूबर को चौथे गवाह की पेशी
संभल हिंसा के बिलाल हत्याकांड में शनिवार को आरोपी मुल्ला अफरोज की ओर से पेश तीसरे गवाह से जिरह हुई। जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने रात 8 बजे इसकी पुष्टि की। गवाह से मुल्ला अफरोज और घटना से जुड़े 100 से अधिक सवाल पूछे गए। अब चौथे गवाह की पेशी 26 अक्टूबर को होगी। मामले में जिला न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह की अदालत में प्रतिदिन सुनवाई हो रही है। तीसरे गवाह फैजान रजा से हुई जिरह संभल कोतवाली में दर्ज अपराध संख्या 340/2024 के बिलाल हत्याकांड की सुनवाई जिला न्यायाधीश की अदालत में चल रही है। मुल्ला अफरोज की ओर से कोर्ट में 11 गवाहों की सूची दी गई है। शनिवार को फैजान रजा पुत्र मोहम्मद इस्लाम निवासी शहबाजपुर खुर्द, थाना रायसत्ती की गवाही हुई। फैजान की दुकान अनवारे मदीना मस्जिद के सामने सादान जनरल स्टोर के नाम से है। इससे पहले सूची में शामिल दो सगे भाई फरोग आलम और शहरोज आलम की गवाही हो चुकी है। शनिवार को तीसरे गवाह से जिरह पूरी हुई। अब सोमवार, 26 अक्टूबर को चौथे गवाह की पेशी होगी। धारा 351 बीएनएस की सुनवाई पूरी जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने बताया कि धारा 351 बीएनएस की सुनवाई पूरी हो चुकी है। फिलहाल मुल्ला अफरोज की ओर से पेश किए जा रहे गवाहों से जिरह की जा रही है। संभल कोतवाली में दर्ज अपराध संख्या 338/2024 नईम, 339/2024 अयान और 340/2024 बिलाल हत्याकांड के साथ थाना नखासा में दर्ज अपराध संख्या 306/2024 कैफ हत्याकांड में वारिस, मुल्ला अफरोज और गुलाम आरोपी हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों शारिक साठा के गुर्गे बताए जाते हैं। पहले कोर्ट में एक-दूसरे को पहचानने से किया था इनकार बीती 9 अक्टूबर को कोर्ट में पेशी के दौरान मुल्ला अफरोज और गुलाम ने एक-दूसरे को पहचानने से इनकार किया था। दोनों ने कहा था कि उन्होंने कोई घटना नहीं की है और पुलिस ने उन्हें झूठा फंसाया है। वहीं, 14 अक्टूबर को गुलाम ने अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए कोई साक्ष्य या गवाह पेश करने से कोर्ट में इनकार कर दिया था। 19 नवंबर 2024 को हुआ था शाही जामा मस्जिद का सर्वे 19 नवंबर 2024 को हिंदू पक्ष ने चंदौसी की सिविल सीनियर डिवीजन कोर्ट में संभल की शाही जामा मस्जिद को श्रीहरिहर मंदिर होने का दावा पेश किया था। कोर्ट के आदेश पर उसी दिन सर्वे का पहला चरण हुआ। दूसरा चरण 24 नवंबर 2024 को किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई और पुलिस पर पथराव व फायरिंग हुई। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एएसपी अनुज चौधरी और डिप्टी कलेक्टर समेत 29 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)