बिल्डर की गिरफ्तारी के लिए धरने पर बैठे सांसद:पुलिस के समझाने पर खत्म किया प्रदर्शन, कार्रवाई न होने से नाराजगी
सीतापुर में केशव ग्रीन सिटी के बिल्डर मुकेश अग्रवाल की गिरफ्तारी और उसकी संपत्ति जब्त करने की मांग को लेकर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे किसानों और महिलाओं ने प्रदर्शन किया। किसान नेता के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और किसान विकास भवन के सामने धरने पर बैठ गए। कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया और धरने पर बैठ गए। सांसद के धरने पर बैठने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हलचल मच गई। प्रदर्शन के दौरान बिल्डर के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्रवाई न होने पर सांसद ने नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने बिल्डर की तत्काल गिरफ्तारी करने और उसकी संपत्ति जब्त करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। सांसद के धरने पर बैठने की सूचना मिलने पर रामकोट के प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह और सीओ सिटी विनय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सांसद से वार्ता की और मामले में एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सांसद ने प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा कर दी। बाढ़ का पानी भरने के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा गौरतलब है कि सीतापुर की केशव ग्रीन सिटी में बाढ़ का पानी भरने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने मामले की जांच की थी। जांच के बाद बिल्डर मुकेश अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमा दर्ज होने के 10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बिल्डर की गिरफ्तारी नहीं होने पर सांसद राकेश राठौर ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने रविवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। इसी क्रम में मंगलवार को किसानों और महिलाओं के साथ विकास भवन के सामने प्रदर्शन किया गया। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों के एक सप्ताह में कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)