काजू के छिलकों की आड़ में हो रही थी तस्करी:सोनभद्र में 30.25 लाख का गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार

Oct 27, 2026 - 17:21
0
काजू के छिलकों की आड़ में हो रही थी तस्करी:सोनभद्र में 30.25 लाख का गांजा बरामद, तस्कर गिरफ्तार
सोनभद्र पुलिस ने 60 किलो 525 ग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 30.25 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, गांजे को काजू के छिलकों से भरे कट्टों के बीच छिपाकर आयशर कैंटर से ले जाया जा रहा था। टीम ने तस्करी में इस्तेमाल कैंटर और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। लोढ़ी स्थित चुर्क मोड़ पर पकड़ा गया कैंटर पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम एएनटीएफ मेरठ को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर में गांजे की खेप लाई जा रही है। इसके बाद एएनटीएफ मेरठ, एसओजी सोनभद्र और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर लोढ़ी स्थित चुर्क मोड़ यात्री शेड के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक आयशर कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में काजू के छिलकों से भरे कट्टों के बीच छिपाए गए तीन प्लास्टिक कट्टों से 60 किलो 525 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से चालक ऋषि कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। वह एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के किशनपुर का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से 100 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी मिला। ओडिशा से लाकर एटा में देनी थी खेप पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के भुवनेश्वर क्षेत्र से गांजा लेकर आ रहा था। इस खेप को एटा में एक व्यक्ति को सौंपना था। आरोपी के मुताबिक, ओडिशा के एक व्यक्ति ने उसे गांजा लाने के लिए आयशर कैंटर उपलब्ध कराया था। इस काम के बदले उसे 40 हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच दिया गया था। एटा में पहले भी दर्ज हैं मुकदमे पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एटा जिले के कोतवाली देहात थाने में वर्ष 2020 में भी दो मुकदमे दर्ज हुए थे। इनमें चोरी का माल रखने, धोखाधड़ी, कूटरचना और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई के बाद रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजे की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User