बकरी चराने गए ग्रामीण पर हमला, पसली में फ्रैक्चर:घायल ने एसपी से लगाई गुहार, कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र में बकरियां चराने गए एक ग्रामीण पर डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल ग्रामीण ने दूसरे गांव के एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। ग्रामीण का दावा है कि हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए ले गए, जहां एक्स-रे में एक पसली में फ्रैक्चर बताया गया। मामले में घायल ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कोतवाली पुलिस पर शिकायत के बाद भी मेडिकल परीक्षण न कराने और सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। कोतवाली क्षेत्र के नगला गुरुबक्श निवासी घनश्याम सिंह ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। 25 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह गांव से कुछ दूरी पर अपनी बकरियां चरा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान ग्वालटोली निवासी सरमन पीछे से वहां पहुंचा और डंडे से उस पर हमला कर दिया। घनश्याम के मुताबिक हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर बेहोश होकर गिर गया। पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया घनश्याम का कहना है कि आसपास बकरियां चरा रहे लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। इस दौरान आरोपी मौके से भागकर अपने गांव की ओर चला गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए ले गए। घनश्याम ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसने कोतवाली पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। उसका यह भी आरोप है कि पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया। इसके बाद परिजनों ने उसका निजी अस्पताल में इलाज कराया और एक्स-रे कराया। घनश्याम के मुताबिक एक्स-रे में एक पसली में फ्रैक्चर बताया गया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसके अंडकोष में लात मार दी, जिससे वहां चोट और सूजन आ गई। घनश्याम ने खुद को अनुसूचित जाति का बताते हुए एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)