बुलंदशहर में पेट्रोल पंप सुपरवाइजर से मारपीट:कार सवार बदमाशों ने गल्ले से 10 लाख रुपए लूटे, कर्मचारियों ने काम बंद किया
बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में डीएवी फ्लाईओवर के पास स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर शनिवार रात करीब 10 बजे कार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुपरवाइजर को लाठी-डंडों से पीटा और गल्ले में रखे करीब 10 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों में एक व्यक्ति पहले इसी पेट्रोल पंप पर सुपरवाइजर रह चुका है। बदमाशों ने दूसरे कर्मचारियों को भी धमकाया। घटना के विरोध में कर्मचारियों ने कामकाज बंद कर दिया, जिससे पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भरवाने पहुंचे वाहन चालकों को परेशानी हुई। पूर्व सुपरवाइजर के शामिल होने की आशंका प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वारदात में शामिल बदमाशों में एक व्यक्ति पहले इसी पेट्रोल पंप पर सुपरवाइजर के पद पर काम कर चुका है। मारपीट के दौरान बदमाशों ने अन्य कर्मचारियों को भी धमकाया और काम जारी रखने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मालिक के नहीं पहुंचने पर कर्मचारियों ने बंद किया काम घटना के समय पेट्रोल पंप मालिक के मौके पर नहीं पहुंचने से कर्मचारियों में नाराजगी रही। उन्होंने विरोध जताते हुए तत्काल कामकाज बंद कर दिया। इसके बाद पंप पर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बिक्री रुक गई। ईंधन भरवाने पहुंचे वाहन चालकों को दूसरे पेट्रोल पंपों पर जाना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच लूट की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। बदमाशों की पहचान के लिए पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सुपरवाइजर और मैनेजर ने दी घटना की जानकारी पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर मूला सिंह और मैनेजर साकेत जैन ने पुलिस को वारदात की जानकारी दी। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)