कारीगर पर खौलता तेल डाला:श्रावस्ती में ढाबे पर हुई थी मारपीट; तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार

Nov 01, 2026 - 08:59
0
कारीगर पर खौलता तेल डाला:श्रावस्ती में ढाबे पर हुई थी मारपीट; तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित निषाद राज ढाबे पर मारपीट रोकने की कोशिश कर रहे कारीगर पर हमलावरों ने कड़ाही में खौलता करीब तीन लीटर तेल डाल दिया। घटना में पंचराम सोनी (28) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया था। रविवार सुबह पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना 28 अक्टूबर की रात करीब 9:45 बजे की है। ढाबा प्रबंधक रामदुलारे निषाद निवासी पटना खरगौरा के मुताबिक, ढाबे पर कुछ ग्राहक खाना खा रहे थे। इसी दौरान सिसवा गांव के जगन्नाथ निषाद, सिद्धनाथ निषाद और नीतीश कुमार उर्फ धक्कड़ी 10 से 15 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने ढाबे पर मौजूद अनुराग शुक्ला, सतीश शुक्ला और अजीत मिश्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर कारीगर पर डाला तेल ढाबे में मुख्य कारीगर के रूप में काम करने वाले पंचराम सोनी (28), पुत्र रघुनाथ सोनी, ने मारपीट रोकने के लिए बीच-बचाव किया। आरोप है कि इससे नाराज हमलावरों ने कड़ाही में खौलता करीब तीन लीटर तेल पंचराम के ऊपर डाल दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देकर फरार होने का भी आरोप है। केशवनगर के पास से तीनों गिरफ्तार ढाबा प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रविवार सुबह भिनगा कोतवाली पुलिस ने बताया कि केशवनगर भिनगा के पास दबिश देकर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान जगन्नाथ निषाद, सिद्धनाथ निषाद उर्फ सिद्धे और नीतीश कुमार उर्फ धक्कड़ी के रूप में हुई है। तीनों सिसवा गांव के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश भी जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User