चेन चोरी करने वाली दिल्ली की 5 महिलाएं गिरफ्तार:मुजफ्फनगर में चोरी की चेन फूलों की सजावट में छिपाई, लेने पहुंचीं तो पुलिस ने दबोचा
मुजफ्फरनगर में धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के आभूषण चोरी करने वाली पांच महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दिल्ली की रहने वाली इन महिलाओं ने रेशू परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भोजन वितरण के समय भीड़ का फायदा उठाकर तीन महिला श्रद्धालुओं की सोने की चेन और पेंडेंट चोरी किए थे। पकड़े जाने के डर से उन्होंने आभूषण कथा स्थल के गेट के पास फूलों की सजावट में छिपा दिए थे। बुधवार को आभूषण लेने और दूसरी वारदात करने के इरादे से दोबारा पहुंचीं तो पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सोने की चेन, डायमंड पेंडेंट और एक आर्टिफिशियल चेन बरामद की है। 13 नवंबर को कथा में हुई थी चोरी दरअसल, मामला 13 नवंबर का है। रेशू प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान गाजियाबाद, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर की तीन महिलाओं के आभूषण चोरी हो गए थे। घटना के बाद आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई थी। शिकायतकर्ता सत्यप्रकाश रेशु की तहरीर पर 17 नवंबर को सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू की। दिल्ली की इंद्रपुरी की रहने वाली हैं पांचों महिलाएं पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे कथा परिसर से पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान पंजवरना, सेरा, मुन्नी, करुणा और रोशनी के रूप में हुई है। पांचों दिल्ली के इंद्रपुरी स्थित जे.जे. कॉलोनी की रहने वाली हैं। पूछताछ में धार्मिक आयोजनों में चोरी करने की बात कबूली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे एक ही कॉलोनी में रहती हैं। जहां भी कथा जैसे धार्मिक आयोजन होते हैं, वहां पहुंचकर महिलाओं के आभूषण चोरी करती हैं। मुजफ्फरनगर में भी उन्होंने भोजन वितरण के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर तीन महिलाओं की चेन चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से आभूषण कथा स्थल के गेट के पास लगी रेडीमेड फूलों की सजावट में छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो सोने की चेन, उनमें लगे डायमंड पेंडेंट और पीली धातु की एक आर्टिफिशियल चेन बरामद की है। बुधवार शाम करीब 4 बजे पांचों महिलाओं को जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)