खादी मेले में तीन दिन में 10 लाख की खरीदारी:गोंडा में स्थान बदलने से कम पहुंच रहे लोग, 120 स्टॉल लगे
गोंडा में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से गांधी पार्क स्थित टाउन हॉल के पास आयोजित 10 दिवसीय खादी मेले में शुरुआती तीन दिनों में बुधवार शाम 4:30 बजे तक करीब 10 लाख रुपये की खरीदारी हुई है। हालांकि, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार ग्राहकों की संख्या कम बताई जा रही है। मेले का स्थान बदलने के कारण दुकानदारों को बिक्री प्रभावित होने की चिंता है। मेले में 101 इकाइयों की ओर से कुल 120 दुकानें लगाई गई हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ और कन्नौज सहित करीब 15 राज्यों के व्यापारियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। ड्राई फ्रूट्स और कपड़ों की दुकानों पर पहुंच रहे ग्राहक मेले में जम्मू-कश्मीर के व्यापारियों ने ड्राई फ्रूट्स के स्टॉल लगाए हैं। वहीं, कपड़ों की दुकानों पर कानपुर, दिल्ली और लखनऊ के व्यापारियों के यहां लोग खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। आयुर्वेदिक दवाओं, अचार और अन्य घरेलू सामानों के स्टॉल पर भी ग्राहक पहुंच रहे हैं। इसके उलट, फर्नीचर की दुकानों पर अभी तक खरीदार नहीं पहुंचे हैं। तीन दिन बीतने के बाद भी इन दुकानों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बावजूद नहीं जुट रही भीड़ ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेले में पिछले तीन दिनों से सुबह और शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंच रही है। व्यापारियों का कहना है कि स्थान बदलने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रचार-प्रसार के जरिए ग्राहकों को जोड़ने की कोशिश जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि मेले में भीड़ बढ़ाने के लिए विभिन्न माध्यमों से लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन स्थान परिवर्तन के कारण शुरुआती दिनों में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि खादी को बढ़ावा देने के लिए मेले में आने वाले लोगों को जागरूक किया जा रहा है और अलग-अलग उत्पादों की जानकारी दी जा रही है। ठंड के कपड़ों की खरीदारी में लोग अधिक रुचि दिखा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)