चंदौली में हाइवा में पीछे से घुसी सूरन लदी पिकअप:केबिन को काटकर निकाला गया ड्राइवर का शव, बिहार के मोहनिया का रहने वाला मृतक
चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर नवीन मंडी के पास सूरन (जिमीकंद) लदी पिकअप ने आगे चल रहे हाइवा में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पिकअप तेज रफ्तार में आ रही थी। नवीन मंडी के पास वह आगे चल रहे हाइवा से टकरा गई। टक्कर के बाद पिकअप का केबिन बुरी तरह पिचक गया और चालक अंदर फंस गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से वाहन के क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। बिहार के मोहनिया का रहने वाला था चालक पुलिस की शुरुआती जांच और दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान पंकज चौधरी निवासी मोहनिया, बिहार के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलने पर हाईवे मंडी चौकी प्रभारी मार्कण्डेय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वाहनों को हटवाकर यातायात कराया सामान्य पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)