शारदा बंधे के पानी में मिला लापता युवक का शव:लखीमपुर-खीरी में 22 अक्टूबर से था गायब, कपड़े मिलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका
बिजुआ खीरी के थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के हजूरपुरवा गांव निवासी 38 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह पूजागांव के सामने शारदा बंधे के पानी में उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान संतोष कुमार पुत्र धनीराम के रूप में हुई है। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि संतोष कुमार 22 अक्टूबर की रात बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। जब सुबह तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार को पूजागांव के पास स्थित टावर के पास उसके कपड़े बरामद हुए थे, जिसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी थी। परिजनों ने तुरंत फूलबेहड़ थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। रविवार सुबह ग्रामीण जब बंधे की तरफ गए तो उन्होंने पानी में एक शव उतराता हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना पर फूलबेहड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त संतोष कुमार के रूप में की। थानाध्यक्ष टी.एन. मौर्य ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)