चंदौली में तीन दर्जन ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठे:पूर्व विधायक ने धरनास्थल पर पहुंचकर दिया समर्थन, बोले- मांगें नहीं मानी गईं तो लंबा आंदोलन होगा
चंदौली के धानापुर विकासखंड के बर्दीसंडा गांव में विकास कार्यों की मांग को लेकर करीब तीन दर्जन ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठे हैं। रविवार को सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह उर्फ मनोज सिंह डब्लू धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और आंदोलन को समर्थन दिया। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार जाति देखकर विकास कार्य कराती है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता तो दलित समाज के लोगों को अपनी मांगों के लिए भूख हड़ताल पर बैठने की जरूरत नहीं पड़ती।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सड़क और नाली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इस संबंध में अधिकारियों और जिलाधिकारी को कई बार ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क की सुविधा नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। किसी के बीमार होने पर उसे चारपाई पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन देते हुए सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी करने और दलितों व पिछड़ों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और लंबा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)