चुनाव ड्यूटी से मना करने पर मेडिकल बोर्ड जांच करेगा:कर्मचारियों को देना होगा फिटनेस प्रमाणपत्र, गर्भवती महिलाएं और दिव्यांग कर्मचारियों की छूट
मैनपुरी में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन ने कर्मचारियों की उपलब्धता तय करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। चुनाव ड्यूटी करने में असमर्थता जताने वाले कर्मचारियों की मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जाएगी। गर्भवती महिलाओं, दिव्यांग कर्मचारियों और छह माह तक के बच्चों की माताओं को ही राहत मिलेगी। तैयारियां समय पर पूरी करने के लिए रविवार को भी सरकारी दफ्तर खुले रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विभागाध्यक्षों को नियमित, आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों की अलग-अलग सूची दो दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सूची के साथ हर कर्मचारी का प्रमाणपत्र भी देना होगा। इसमें कर्मचारी को खुद के स्वस्थ होने और चुनाव ड्यूटी करने में सक्षम होने की घोषणा करनी होगी। जो कर्मचारी ड्यूटी करने में असमर्थता जताएंगे, उनकी अलग सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद मेडिकल बोर्ड उनकी जांच करेगा। डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि दिव्यांगता के मामले में 60 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग कर्मचारियों को ही छूट मिलेगी। एक हाथ में परेशानी या शरीर में मामूली समस्या होने पर छूट नहीं दी जाएगी, यदि कर्मचारी नियमित रूप से दफ्तर में काम कर रहा है और स्वस्थ है। चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मचारियों के दो अलग-अलग समूह बनाए जाएंगे। एक समूह में नियमित कर्मचारी और दूसरे में संविदा व आउटसोर्स कर्मचारी शामिल होंगे। इससे ड्यूटी आवंटन का काम पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। डॉ. त्रिपाठी ने अधिकारियों को चुनाव से जुड़ा डेटा और बाकी तैयारियां तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए। इसी वजह से रविवार को छुट्टी नहीं रहेगी और सभी सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे। कर्मचारियों की सूची नहीं देने पर सीडीओ ने जताई नाराजगी मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने विभागों की ओर से कर्मचारियों की सूची नहीं देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्देश के बावजूद ज्यादातर विभागों ने तय प्रारूप में सूची उपलब्ध नहीं कराई है। उन्होंने सभी विभागों को अपने शत-प्रतिशत कर्मचारियों की स्व-गणना कराकर एसई नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों व कर्मचारियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की स्व-गणना कराने को कहा। इससे घर-घर सर्वे के दौरान प्रगणकों को परेशानी नहीं होगी। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए शोभनाथ चौरसिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)