सहारनपुर में दहेज के लिए विवाहिता को पीटा:कपड़े फाड़कर घर से निकाला, पति समेत 6 पर FIR

Nov 23, 2026 - 10:44
0
सहारनपुर में दहेज के लिए विवाहिता को पीटा:कपड़े फाड़कर घर से निकाला, पति समेत 6 पर FIR
सहारनपुर में एक लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकालने का आरोप है। पीड़िता ने पति समेत ससुराल के छह लोगों पर उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़, जेवर अपने पास रखने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोमवार सुबह 8 बजे FIR दर्ज कर जांच शुरू की है। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव हरौड़ा निवासी अंजीता ने एसएसपी को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी 7 मार्च 2024 को चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव सड़क कातला निवासी मांगा उर्फ मांगेराम से हुई थी। शादी में उसके पिता ने घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान,फर्नीचर,बर्तन,कपड़े, सोने-चांदी के जेवर और स्प्लेंडर प्लस बाइक दी थी। आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल वाले दिए गए सामान से खुश नहीं थे। उन्होंने एक लाख रुपये नकद और कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर वे ताने मारते और पीटते थे। अंजीता के मुताबिक, परिवार ने कई बार पंचायत कराकर समझौता कराया। ससुराल वाले माफी मांगकर उसे वापस ले जाते,लेकिन कुछ दिन बाद फिर परेशान करने लगते। आरोप है कि 28 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे आरोपी कमरे में आए और एक लाख रुपये व कार मांगी। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की। एक आरोपी ने उसके कपड़े फाड़े और बदसलूकी की। इसके बाद उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया। उसके सोने-चांदी के जेवर भी अपने पास रख लिए। अंजीता ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को शाम 3 बजे गांव में पंचायत हुई। वहां भी ससुराल वालों ने मांग दोहराई। विरोध करने पर उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। पिता और भाई ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोपियों ने धमकी दी कि मांग पूरी किए बिना घर लौटने पर वे उसे जान से मार देंगे। कानूनी कार्रवाई करने पर उसे और उसके भाइयों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी। पीड़िता ने पति पर शराब और भांग का नशा कर उत्पीड़न करने तथा शिवकुमार पर भांग बेचने और मारपीट में शामिल होने के आरोप भी लगाए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User