दहेज ज्यादा न देने पर विवाहिता को घर से निकाला:बांदा में पति समेत 4 ससुरालियों पर FIR, 5 लाख रुपए और कार मांगने का आरोप
बांदा में 5 लाख रुपए और कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। महिला ने पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने शनिवार रात 9 बजे केस दर्ज कर जांच शुरू की।
नरैनी थाना क्षेत्र के रिसौरा गांव की कविता देवी ने बताया कि उनकी शादी 24 नवंबर 2025 को शहर के ज्योती नगर निवासी विवेक कुमार से हुई थी। उनके पिता ने शादी में 5 लाख रुपए नकद, 2 तोले की सोने की जंजीर, सोने की 4 अंगूठियां, सुपर स्प्लेंडर एक्सटेक बाइक और घर का सामान दिया था। शादी में करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए थे।
कविता के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद पति विवेक कुमार, सास सरस्वती देवी, ससुर जगराम और देवर उमेश कुमार ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। वे 5 लाख रुपए नकद और कार लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए जाते और दूसरी शादी करने की धमकी दी जाती थी।
महिला ने आरोप लगाया कि 8 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पति समेत चारों ससुरालियों ने लात-घूंसों और डंडों से उसकी पिटाई की। गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और उसके जेवर उतरवाकर घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में रह रही है।
कविता ने पति पर किसी अन्य युवती से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। उसके पिता ने कई बार ससुराल जाकर समझौते की कोशिश की, लेकिन ससुराल वाले उसे वापस रखने को तैयार नहीं हुए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)