दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला:हरदोई में कार और पांच लाख रुपए मांगने का आरोप, 9 पर केस दर्ज
हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में शादी के पांच महीने बाद ही एक विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार और प्लाट खरीदने के लिए पांच लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता और दो भाइयों को भी पीटा गया। मामले में शनिवार रात 7:19 बजे नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। शादी में दिया था डेढ़ लाख रुपए और अपाचे खेतहरी, थाना बघौली की रहने वाली वंदना की शादी 13 मई 2026 को सौरभ के साथ हुई थी। फिलहाल वह श्यामपुर, बेनीगंज में रह रही थी। वंदना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में अपाचे मोटरसाइकिल, डेढ़ लाख रुपए नकद, सोफा सेट और अन्य गृहस्थी का सामान दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार और प्लाट खरीदने के लिए पांच लाख रुपए की मांग कर रहे थे। 14 नवंबर को विवाहिता से मारपीट का आरोप वंदना का आरोप है कि पति सौरभ, देवर गौरव, सास प्रतिभा और परिवार के अन्य सदस्य मुन्सी, कमलेश, हिमांशु, प्रांशु, विनीता व निक्की उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि 14 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर सभी ने लात-घूंसों और डंडों से उसकी पिटाई की। पिता और भाइयों को भी पीटने का आरोप वंदना ने फोन पर मायके वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता महेश प्रसाद और भाई छविराम व जयराम उसी दिन दोपहर करीब एक बजे बेटी की ससुराल पहुंचे। आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान दहेज में मिली अपाचे मोटरसाइकिल तोड़ दी गई। वंदना का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी देकर केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया गया। नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह ने बताया कि मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)