बलरामपुर में 16 नवंबर से शुरू होगी गन्ने की पेराई:तीन चीनी मिलों के लिए 204 क्रय केंद्र तय, जारी होने लगीं गन्ना तौल पर्चियां
बलरामपुर जिले में गन्ना पेराई सत्र शुरू होने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। बलरामपुर चीनी मिल में 16 नवंबर से पेराई शुरू होगी। इसके बाद 19 नवंबर से तुलसीपुर और 23 नवंबर से इटईमैदा चीनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू की जाएगी। इस बार तीनों मिलों के लिए कुल 204 गन्ना क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। तीनों मिलों को मिले अलग-अलग क्रय केंद्र गन्ना विभाग ने किसानों की सुविधा और गन्ने की सुचारु आपूर्ति के लिए क्रय केंद्रों का आवंटन कर दिया है। इसके तहत बलरामपुर चीनी मिल को 103, तुलसीपुर चीनी मिल को 65 और इटईमैदा चीनी मिल को 36 क्रय केंद्र दिए गए हैं। बलरामपुर चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को तौल पर्चियां भी जारी कर दी गई हैं, ताकि तय तारीख से गन्ने की खरीद शुरू हो सके। झारखंडी ओवरब्रिज के चलते बदली ढुलाई व्यवस्था पेराई सत्र के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी विभाग के सामने चुनौती है। जिला मुख्यालय पर निर्माणाधीन झारखंडी रेलवे ओवरब्रिज को देखते हुए गन्ने की ढुलाई व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसका मकसद गन्ना लदे ट्रकों का शहर के भीतर आवागमन कम करना है, जिससे पेराई सत्र के दौरान जाम की समस्या न हो। बहराइच के 17 क्रय केंद्रों से बलरामपुर मिल को मिलेगी आपूर्ति पिछले पेराई सत्र में बहराइच जिले के जिन क्षेत्रों का गन्ना तुलसीपुर चीनी मिल भेजा जाता था, अब वहां से गन्ने की आपूर्ति बलरामपुर चीनी मिल को की जाएगी। इसके लिए बहराइच जिले के 17 गन्ना क्रय केंद्रों का संचालन बलरामपुर चीनी मिल करेगी। वहीं, बलरामपुर चीनी मिल के ऐसे 10 क्रय केंद्र तुलसीपुर चीनी मिल को आवंटित किए गए हैं, जहां से गन्ना लेकर आने वाले वाहनों को पहले शहर के भीतर से गुजरना पड़ता था। इन केंद्रों का आवंटन बदलने से शहर में गन्ना लदे वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)