डीएम ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना:सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 24 घंटे निगरानी, वाहन खड़ा दिखते ही पेट्रोलिंग टीम पहुंचेगी
सुल्तानपुर में सोमवार को सड़क सुरक्षा अभियान के तहत डीएम इंद्रजीत सिंह ने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले में घूमकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान डीएम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और हादसों की रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। सीसीटीवी से 24 घंटे एक्सप्रेसवे की निगरानी डीएम ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नई टीम तैनात की गई है। यहां सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सड़क किनारे कोई वाहन खड़ा दिखाई देने पर उसकी लोकेशन पेट्रोलिंग इनोवा टीम को भेजी जाती है। टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती है। करीब एक महीने पहले हुए हादसे के बाद लापरवाही बरतने वाली पुरानी टीम को हटा दिया गया है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा एक्सप्रेसवे किनारे चल रहे एक अवैध होटल को हटवाकर सील भी किया गया है। तेज रफ्तार और थकान से होते हैं हादसे डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ज्यादातर सड़क हादसे तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और बिना रुके लंबी दूरी तक वाहन चलाने से होते हैं। प्रचार वाहनों के जरिए लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और अन्य यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी जाएगी। घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान डीएम ने ‘राहगीर योजना’ का जिक्र करते हुए लोगों से सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों की मदद करने की अपील की। उन्होंने बताया कि घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और उनकी मदद करने वाले नागरिकों को सरकार की ओर से सम्मानित और पुरस्कृत किया जाता है। ब्लैक स्पॉट पर सुधार का काम जारी डीएम ने बताया कि रोड सेफ्टी ऑडिट के बाद जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए कर रहे जागरूक एआरटीओ अलका शुक्ला ने बताया कि अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने की अपील भी की जा रही है। यातायात और परिवहन विभाग की टीमें प्रमुख चौराहों और मार्गों पर चेकिंग कर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों ने कहा- सड़क सुरक्षा प्रशासन के साथ-साथ हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)