लखनऊ में स्कॉलरशिप फॉर्म लेकर भटक रहे स्टूडेंट्स:शिया कॉलेज में घंटों कतार में लगे रहे छात्र, पोर्टल नहीं चलने से अटके फॉर्म

Nov 16, 2026 - 16:41
0
लखनऊ में स्कॉलरशिप फॉर्म लेकर भटक रहे स्टूडेंट्स:शिया कॉलेज में घंटों कतार में लगे रहे छात्र, पोर्टल नहीं चलने से अटके फॉर्म
लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) से जुड़े कॉलेजों में सोमवार को स्कॉलरशिप फॉर्म जमा करने पहुंचे बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स परेशान रहे। कई घंटे काउंटर पर कतार में खड़े रहने के बाद भी उनके फॉर्म सबमिट नहीं हो सके। कॉलेज प्रशासन ने इसकी वजह समाज कल्याण विभाग का पोर्टल नहीं खुलना बताया। इससे पहले रविवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 16 और 17 नवंबर को फॉर्म भरने का मौका दिए जाने की बात कही गई थी। लेकिन सोमवार को भी पोर्टल की समस्या दूर नहीं हुई। किसी का फॉर्म अपने आप लॉक हो गया तो कोई कई दिनों से बायोमेट्रिक कराने के लिए चक्कर लगा रहा है। तीन दिन से आ रही हूं, साइट नहीं चल रही M.Com सेकंड ईयर की स्टूडेंट वैष्णवी सिंह ने बताया कि वह तीन-चार दिन से बायोमेट्रिक कराने आ रही हैं, लेकिन साइट नहीं चल रही है। हर बार उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को आखिरी तारीख बताई गई थी। कुछ स्टूडेंट्स का बायोमेट्रिक हो रहा है, लेकिन कई की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। फोन पर भी 17 नवंबर आखिरी तारीख दिखाई जा रही है। फॉर्म अपने आप लॉक हो गया, करेक्शन का इंतजार एलएलबी के स्टूडेंट आलोक वर्मा ने बताया कि स्कॉलरशिप का फॉर्म भरते समय कई जानकारियां अपने आप सिलेक्ट हो रही थीं। उनका फॉर्म सबमिट होने से पहले ही लॉक हो गया। उन्होंने कहा कि साइट पर समय से अपडेट भी नहीं मिल रहे हैं। अब करेक्शन का मौका मिलने पर वह फॉर्म में सुधार कराना चाहते हैं, लेकिन फाइनल सबमिशन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है और तय तारीख भी निकल चुकी है। ऑफिस में भीड़ के कारण नहीं जमा कर सका फॉर्म सैयद इब्राहिम अहमद ने बताया कि उन्होंने स्कॉलरशिप का फॉर्म भर लिया था, लेकिन उसे सबमिट नहीं कर पा रहे हैं। पहले साइट चल रही थी, लेकिन ऑफिस में इतनी भीड़ रहती थी कि अंदर जाने का मौका नहीं मिल पाता था। गार्ड भी भीड़ अधिक होने की बात कहकर वापस कर देता था। बीच में दिवाली की छुट्टियों के कारण ऑफिस कई दिन बंद रहा। अब छुट्टियों के बाद पहुंचे तो साइट नहीं चलने और क्रैश होने की बात कही जा रही है। डेट बाकी, फिर भी फॉर्म जमा नहीं कर रहे इच्छा श्रीवास्तव ने बताया कि वह स्कॉलरशिप फॉर्म जमा कराने पहले भी आई थीं, लेकिन तब साइट नहीं चल रही थी। पिछले तीन-चार दिन से कॉलेज और ऑफिस बंद होने के कारण भी काम नहीं हो सका। सोमवार को दोबारा पहुंचीं तो कर्मचारियों ने साइट नहीं चलने और तारीख निकल जाने की बात कहकर फॉर्म लेने से मना कर दिया। जबकि गूगल पर अभी भी फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख दिखाई दे रही है। पूछने पर कर्मचारियों ने कहा कि साइट चल गई तो फॉर्म जमा होगा, वरना तारीख निकल चुकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User