आज गोरखपुर में रोड शो करेंगे अखिलेश यादव:3 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा PDA रथ; चौरी चौरा में जनसभा को संबोधित करेंगे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव 2024 के बाद पहली बार गोरखपुर के किसी राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे हैं। बुधवार, 18 नवंबर को वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में अपने PDA रथ पर सवार होकर माहौल बनाते नजर आएंगे। अखिलेश का PDA रथ 3 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगा। इसमें एक गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र है, जहां से मुख्यमंत्री स्वयं विधायक हैं। यहां से निकलकर यह रथ गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगा। यहां से योगी के करीबी माने जाने वाले विपिन सिंह लगातार दो बार से विधायक हैं। तीसरी विधानसभा चौरी चौरा है। यहां से भाजपा के मुख्य सहयोगी दल निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के छोटे बेटे विधायक हैं। इसी विधानसभा में अखिलेश बड़ी जनसभा भी करेंगे। यहां से गोरखपुर की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुंकार भरी जाएगी। अखिलेश यादव चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही में भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे विनय कुमार सिंह बिन्नू की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। यहीं महान क्रांतिकारी शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। सपा पदाधिकारियों का दावा है कि इस जनसभा में भारी भीड़ होगी। कार्यक्रम के प्रभारी के तौर पर पूर्व एमएलसी संजय लाठर दो दिन से गोरखपुर में जमे हैं। मंगलवार को भी उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के साथ लोगों के साथ बैठक भी की। सवर्ण वोट हैं अखिलेश के निशाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव यह मानकर चल रहे हैं कि उनके कोर वोटर शत-प्रतिशत उनके साथ रहेंगे। पूर्वी उत्तर प्रदेश में उनका फोकस सवर्ण मतदाताओं को रिझाने पर है। आमतौर पर वह इस सरकार पर क्षत्रिय हितैषी होने का आरोप लगाते रहते हैं। लेकिन इस दौरे से अखिलेश क्षत्रिय मतदाताओं को भी रिझाने की पूरी कोशिश करेंगे। बिन्नू सिंह के भाई और 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दल लड़कर लगभग 30 हजार वोट प्राप्त किया था। यह मत बसपा व कांग्रेस के मतों को मिला दें, तो उससे भी अधिक था। हालांकि इस सीट पर भाजपा की जीत का मार्जिन 41 हजार से अधिक मतों का था। अखिलेश यादव टप्पू सिंह के बहाने आसपास की सीटों पर क्षत्रिय मतों में भी सेंध लगाने की जुगत में हैं। इस दोरे पर वह स्व. हरिशंकर तिवारी के पुत्र व पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विनय शंकर तिवारी के धर्मशाला बाजार स्थित आवास 'तिवारी हाता' भी जाएंगे। यहां लगभग 30 मिनट समय बिताकर वह ब्राह्मण मतदाताओं को संदेश देना चाहेंगे। मुख्यमंत्री का जिला होने के कारण झोंकेंगे पूरी ताकत मुख्यमंत्री का जिला होने के कारण अखिलेश यहां अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रहे हैं। कार्यक्रम तो श्रद्धांजलि सभा और शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण का था लेकिन इससे उस स्तर का संदेश देना मुश्किल था, जो सपा प्रमुख चाहते थे। यही कारण है कि गोरखपुर पहुंचने से पहले उनके कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल जाने के लिए पहले कार की व्यवस्था थी लेकिन अब इसके लिए पीडीए रथ मंगाया जा रहा है। सपा प्रमुख के कहने पर रोड शो का कार्यक्रम रख दिया गया है। यह रोड शो गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण होते हुए चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगा। रोड शो में उमड़ेगी भीड़ इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ेगी। इसका दावा करते हुए सपा नेता ने कहा कि रोड शो में सड़क के दोनों किनारों पर लोग खड़े रहेंगे। अखिलेश यादव कभी रथ के भीतर से तो कभी बाहर आकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते चलेंगे। मुख्यमंत्री का जिला होने के कारण यहां से जो भी बात निकलेगी, वह पूरे प्रदेश में जाएगी। अगले ही दिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी है। ऐसे में सपा इसे ज्यादा भव्य बनाने में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। निषाद पार्टी को भी खुली चुनौती
इस रोड शो और कार्यक्रम के जरिए अखिलेश यादव भाजपा के सहयोगी दल निषाद पार्टी को भी खुली चुनौती देने जा रहे हैं। यहां से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के छोटे बेटे ई. सरवन निषाद विधायक हैं। निषाद पार्टी के कोटे से वह भाजपा के टिकट पर चुनाव के मैदान में उतरे थे और जीत दर्ज की थी। जिस टप्पू सिंह को अखिलेश यादव सपा में शामिल कराएंगे, वह निर्दल लड़कर भी लगभग 30 हजार वोट पाने में कामयाब रहे थे। सपा प्रमुख को उम्मीद है कि टप्पू के जरिए सपा इस सीट पर फतह जरूर करेगी। जानिए सपा प्रमुख का मिनट टू मिनट कार्यक्रम सपा प्रमुख अखिलेश यादव सुबह 11:45 बजे निजी विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहीं PDA रथ पर सवार होकर दोपहर 12 बजे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। एम्स, कूड़ाघाट स्थित गुरुंग तिराहा, इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय, सूबा बाजार होते हुए वह दोपहर बाद 2 बजे देवकही स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगै। इस दौरान जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। देवकही में वह अमर शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और स्व. बिन्नू सिंह को श्रद्धांजलि देंगे। दोपहर बाद 3:30 बजे कार्यक्रम स्थल से कार द्वारा रवाना हो जाएंगे। 3:45 बजे वह स्व. हरिशंकर तिवारी के पुत्रों भीष्म शंकर तिवारी व विनय शंकर तिवारी आवास 'तिवारी हाता' पहुंचेंगे। यहां से शाम 4:15 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। अखिलेश यादव 4:35 बजे निजी विमान से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)