सड़क सुरक्षा पखवाड़े पर परिवहन मंत्री ने लोगों पहनाया हेलमेट:बलिया में दयाशंकर सिंह ने जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

Nov 16, 2026 - 16:24
0
सड़क सुरक्षा पखवाड़े पर परिवहन मंत्री ने लोगों पहनाया हेलमेट:बलिया में दयाशंकर सिंह ने जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी
बलिया में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा पखवाड़े की शुरुआत हुई। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। सेवा संकल्प अभियान (सड़क सुरक्षा: जीवन रक्षा) के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और खुद के साथ दूसरों की जान सुरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों और पीछे बैठे यात्रियों को रोककर सांकेतिक रूप से हेलमेट पहनाया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है। जल्दी पहुंचने से ज्यादा जरूरी सुरक्षित घर लौटना मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है। इसलिए सुरक्षा नियमों को अपनी आदत में शामिल करना जरूरी है। सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “जीवन रहेगा, तभी सब कुछ रहेगा। हमारी पहली प्राथमिकता जीवन बचाना है। घर से निकलते समय जल्दी पहुंचने की होड़ न करें। जल्दी पहुंचने से ज्यादा जरूरी है कि आप सुरक्षित घर लौटें।” उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। बिना हेलमेट वाहन चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहन सीज भी किए जाएंगे। घायल की मदद करने वाले को मिलेगा 25 हजार का पुरस्कार जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने लोगों से सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए बिना डर और झिझक आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सकती है। कार्यक्रम में परिवहन विभाग की ओर से संचालित 'राहवीर योजना' की जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि कई लोग कानूनी कार्रवाई या पुलिस पूछताछ के डर से घायलों की मदद करने से पीछे हट जाते हैं, जबकि ऐसे समय में सहायता करना बड़ा मानवीय कार्य है। उन्होंने लोगों से भरोसे के साथ घायल को जिला अस्पताल या नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाने की अपील की। 30 नवंबर तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम मंत्री, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने यातायात नियमों के पालन की शपथ ली। मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। लोगों को खुद नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। यह पखवाड़ा 16 से 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान अलग-अलग माध्यमों से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र पाठक टुन, पूर्व जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, आरटीओ अरुण कुमार राय, डिप्टी एसपी संजय वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाहू सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User