दिन में गर्मी, रात में गुलाबी सर्दी का एहसास:पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड, रात में गिरेगा तापमान

Oct 22, 2026 - 07:17
0
दिन में गर्मी, रात में गुलाबी सर्दी का एहसास:पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड, रात में गिरेगा तापमान
कानपुर में गुरुवार को मौसम साफ रहने और दिन में तेज धूप निकलने का अनुमान है। सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दोपहर में तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास होगा। रात के तापमान में गिरावट के चलते गुलाबी सर्दी का असर बढ़ने लगा है। फिलहाल दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंडक का मिला-जुला मौसम बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में अभी उत्तर-पश्चिमी हवाओं का लगातार प्रभाव नहीं बन पाया है। हवाओं की दिशा कभी उत्तर-पश्चिमी तो कभी दक्षिण-पूर्वी होने से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी होने से आने वाले समय में उत्तर-पश्चिमी हवाएं गंगा के मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ा सकती हैं। इन हवाओं का लगातार प्रभाव बनने पर सुबह और रात के तापमान में और गिरावट आने से सिहरन महसूस होगी। उन्होंने किसानों को खरीफ की फसलों की कटाई-मड़ाई जल्द पूरी करने और रबी की फसलों की बुवाई की तैयारी शुरू करने की सलाह दी है। बुधवार को दिन में धूप, रात में बढ़ी ठंडक चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की ओर से बुधवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 91 प्रतिशत रही। सुबह हल्की ठंडक के बाद दिन में तेज धूप से गर्मी महसूस हुई, जबकि शाम होते ही मौसम फिर ठंडा हो गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User