दीपावली पर अलग-अलग स्थानों पर 19 जगह दमकल:बाजारों में दौड़ेंगी फायर बाइक, अट्टा, सेक्टर-18, जगत फार्म और गौड़ सिटी समेत प्रमुख इलाकों में रहेगी नजर
दीपावली पर बाजारों में भीड़ और आतिशबाजी के बीच आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने मोर्चा संभाल लिया है। जिले में 19 प्रमुख स्थानों पर दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं। वहीं, संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में तुरंत पहुंचने के लिए फायर बाइक भी लगाई गई हैं। विभाग ने पटाखों की बिक्री वाले सभी निर्धारित स्थलों पर भी एक-एक फायर टेंडर यूनिट तैनात की है। अग्निशमन विभाग ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे स्थान चुने हैं, जहां से आसपास के इलाकों में आग लगने की सूचना मिलने पर कम समय में मदद पहुंचाई जा सके। नोएडा में भंगेल पुलिस चौकी, पुलिस चौकी 12-22, सेक्टर-18 और सेक्टर-49 में दमकल की गाड़ियां तैनात रहेंगी। ग्रेटर नोएडा में जगत फार्म, दादरी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौड़ सिटी पुलिस चौकी के पास फायर टेंडर मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा बहलोलपुर, रबूपुरा, दनकौर और जेवर समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दमकल की गाड़ियों को तैयार रखा गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही इनकी मदद से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा। जाम में नहीं फंसेगी दमकल, फायर बाइक से पहुंचेगी टीम
त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ और वाहनों की आवाजाही बढ़ने से कई बार बड़ी दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए विभाग ने फायर बाइक और अग्निशमन उपकरणों से लैस कर्मचारियों की तैनाती की है। इन स्थानों पर विषेश तैयारी
अट्टा मार्केट और सेक्टर-62 स्थित एक मॉल में फायर बाइक मौजूद रहेगी। सर्फाबाद मार्केट में भी फायर बाइक तैनात की जाएगी। वहीं, नवादा और सेक्टर-66 में दो-दो अग्निशमन कर्मियों को उपकरणों के साथ लगाया गया है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क और एच्छर मार्केट में भी दो-दो अग्निशमन कर्मी तैनात रहेंगे। हल्दौनी मोड़ पर भी दो कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के साथ मुस्तैद किया गया है। फायर बाइक की मदद से संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में पहुंचकर शुरुआती स्तर पर ही आग बुझाने का प्रयास किया जाएगा। पटाखा बिक्री स्थलों पर भी फायर टेंडर तैनात
आतिशबाजी की बिक्री के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए जिले के सभी निर्धारित पटाखा बिक्री स्थलों पर एक-एक फायर टेंडर यूनिट तैनात की गई है। इससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दीपावली को देखते हुए विभाग की सभी टीमें अलर्ट हैं। प्रमुख बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और आतिशबाजी बिक्री स्थलों पर सुरक्षा के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की गई है। बाजारों में पुलिस की गश्त भी बढ़ेगी
आग से सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मियों की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। रात में गश्त तेज करने के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)