5 करोड़ का सोना चुराने वाली गैंग में बाप-बेटा-भाई:झांसी पुलिस ने एक को पकड़ा, 5 बदमाशों को महाराष्ट्र में तलाश रही पुलिस
झांसी में 5 करोड़ रुपए के गहने चुराने वाली महाराष्ट्र की गैंग को बाप-बेटा और भाई मिलकर चला रहे थे। बाप मारूती राजाराम पिटेकर गैंग का लीडर है। उसने बेटे अमोल और भाई लक्ष्मण को भी गैंग में शामिल कर रखा था। उसी ने बालवड़, सोलापुर और सतारा के 3 बदमाशों को तैयार किया था। 29 अक्टूबर को बदमाशों ने प्राइवेट बस से सर्राफा कारोबारी के गहने से भरे दो बैग चोरी किए और फिर महाराष्ट्र भाग गए। पुलिस ने महाराष्ट्र से अमोल मारूती पिटेकर को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि 10 दिन बीतने के बावजूद पुलिस न तो चोरी हुए 5 करोड़ के गहनों का पता नहीं लगा पाई। न ही पांचों बदमाशों को पकड़ सकी। हालांकि पुलिस महाराष्ट्र में डेरा डाले है और फरार पांचों बदमाशों को तलाश रही है। 29 अक्टूबर को सर्राफा कारोबारी गुरकीरत सिंह प्राइवेट बस में सवार होकर छतरपुर से झांसी आ रहे थे। बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पहुंची तो 3 चोर गहनों से भरे दो बैग चुराकर स्कॉर्पियों से भाग गए थे। आरोपी अमोल ने कबूला था कि वे मध्य प्रदेश में वारदात करना चाहते थे। पता होता कि यूपी में हूं तो चोरी नहीं करता। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए झांसी के SSP विकास कुमार ने बताया- पंजाब के अमृतसर में रहने वाले गुरकीरत सिंह बड़े सर्राफा कारोबारी हैं। वह सोने के गहने बनाकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और यूपी में सप्लाई करते हैं। इस बार वह अमृतसर से मध्य प्रदेश आए थे। जबलपुर के बाद छतरपुर में गहनों की सप्लाई की। इसके बाद 29 अक्टूबर को छतरपुर से झांसी आने के लिए प्राइवेट बस में सवार हुए। कारोबारी आम यात्रियों की तरह साधारण थैलों में ही कीमती गहने लेकर चलते हैं। उन्होंने गहनों से भरे 5 बैग अपनी सीट के ऊपर बनी जाली पर रख दिए। इनमें से 2 बैग उनकी तरफ और 3 दूसरी तरफ रखे थे। बस में गैंग के 3 बदमाश पहले से सवार थे। मऊरानीपुर बस स्टैंड पर बस रुकते ही तीनों बदमाश गहनों से भरे 2 बैग लेकर उतर गए। CCTV फुटेज में तीनों को बैग लेकर बस से उतरते देखा गया है। इसके बाद वे सफेद रंग की स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई गई है। CCTV फुटेज से आगे बढ़ी जांच SSP विकास कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 8 टीमें लगाई गई थीं। यह मुश्किल मामला था, क्योंकि पुलिस के पास कोई ठोस सुराग नहीं था। सिर्फ एक धुंधला CCTV फुटेज मिला था। इसी को आधार बनाकर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए 2 हजार किलोमीटर से ज्यादा रास्ते के CCTV फुटेज दिन-रात खंगाले। इससे गाड़ी का नंबर मिला। इसके बाद फास्टैग की डिटेल के जरिए पुलिस महाराष्ट्र के गैंग तक पहुंच गई। पुलिस ने गैंग के एक आरोपी अमोल मारूती पिटेकर (29) को चोरी के पैसों के साथ गिरफ्तार किया है। वह महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कर्जत थाना क्षेत्र के महालंगी गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम मारूती राजाराम पिटेकर है। एसएसपी के मुताबिक, आरोपी को महाराष्ट्र से ट्रांजिट रिमांड पर झांसी लाया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी जाएगी। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो अमोल के नाम पर रजिस्टर्ड है। कर्ज चुकाने के लिए पिता ने दिए थे 20 लाख एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में अमोल ने खुलासा किया कि गैंग का लीडर उसका पिता मारूती राजाराम पिटेकर है। पिता ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। सभी स्कॉर्पियो से जबलपुर होते हुए छतरपुर और फिर मऊरानीपुर पहुंचे थे। चोरी के बाद इसी रास्ते से महाराष्ट्र लौट गए। अमोल के मुताबिक, वारदात के बाद पिता ने उसे फोन करके राशिन कस्बे में बुलाया। चोरी के गहने बेचने के बाद उसे 20 लाख रुपए दिए और कर्ज चुकाने को कहा। उसने यह रकम अपने बैंक खातों में जमा कर दी थी। 3 नवंबर को वह रजिस्ट्री ऑफिस में कर्ज चुकाने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.40 लाख रुपए नकद और दो मोबाइल बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके तीन बैंक खातों में जमा 17.06 लाख रुपए फ्रीज कराए हैं। 5 से 7 राज्यों में कर चुके हैं वारदात एसएसपी के मुताबिक, यह गैंग मुख्य रूप से सोने के कारोबारियों को निशाना बनाता है। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत 5 से 7 राज्यों में वारदात कर चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)