दलित समाज के ‘अपमान’ पर भड़के सपा विधायक पंकज मलिक:BJP OBC जिलाध्यक्ष की कथित जातिगत टिप्पणी पर दी प्रतिक्रिया, बोले- जाति-धर्म का करें सम्मान

Nov 05, 2026 - 09:22
0
दलित समाज के ‘अपमान’ पर भड़के सपा विधायक पंकज मलिक:BJP OBC जिलाध्यक्ष की कथित जातिगत टिप्पणी पर दी प्रतिक्रिया, बोले- जाति-धर्म का करें सम्मान
मुजफ्फरनगर में भाजपा OBC मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय वर्मा की कथित जातिगत टिप्पणी का विवाद बढ़ता जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वाल्मीकि समाज की नाराजगी के बीच समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक ने गुरुवार सुबह करीब आठ बजे प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नेताओं को भाषा की मर्यादा बनाए रखने और सभी जाति, धर्म व समुदायों का सम्मान करने की नसीहत दी। बोले- सार्वजनिक मंचों पर शब्दों का रखें ध्यान विधायक पंकज मलिक ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति को ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जिससे किसी समाज या वर्ग की भावनाएं आहत हों। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे सोच-समझकर बोलें और अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखें। सभी जाति, धर्म और समुदाय के लोगों को सम्मान के साथ संबोधित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब वाल्मीकि समाज के लोगों ने वाल्मीकि भगवान की मूर्ति के संदर्भ में सवाल उठाया, तो इस पर गुस्सा दिखाया गया। नेताओं को अपने गुस्से पर नियंत्रण रखना चाहिए और समाज के लोगों की बात सम्मानपूर्वक सुननी चाहिए। वोट देने वालों का सम्मान करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पंकज मलिक ने कहा कि जिन लोगों ने अपना बहुमूल्य वोट देकर जनप्रतिनिधियों को सदन तक पहुंचाया है, उनका सम्मान करना उनकी जिम्मेदारी है। किसी भी समाज को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। राजनीति में विचारों का मतभेद हो सकता है, लेकिन किसी जाति या समाज के सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। विजय वर्मा ने सार्वजनिक रूप से मांगी थी माफी दरअसल, भाजपा के नवनियुक्त OBC मोर्चा जिलाध्यक्ष विजय वर्मा की एक कार्यक्रम में की गई कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल सामने आया था। इसके बाद वाल्मीकि समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई। समाज के लोगों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर विजय वर्मा के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। विवाद बढ़ने के बाद विजय वर्मा ने अपने शब्द वापस लेते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User