गोंडा के कुम्हारों ने बनाए 4 लाख दीये:अयोध्या में 7 नवंबर को जगमगाएगी राम की पैड़ी, पिछले साल के मुकाबले 1 लाख कम का मिला ऑर्डर
अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले 10वें भव्य दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। रामनगरी को रोशन करने के लिए गोंडा के कुम्हारों ने इस साल 4 लाख मिट्टी के दीये तैयार किए हैं। गुरुवार सुबह 9 बजे तक सभी दीये अयोध्या भेज दिए गए। इन दीपकों को राम की पैड़ी सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सजाया जा रहा है, जहां दीपोत्सव के दिन तेल डालकर इन्हें जलाया जाएगा। अयोध्या के दीपोत्सव के लिए इतने बड़े स्तर पर ऑर्डर मिलने से गोंडा के कुम्हारों में खुशी है। उनका कहना है कि उनके हाथों से तैयार दीयों का रामनगरी के भव्य आयोजन में शामिल होना सौभाग्य की बात है। कुम्हारों ने दीये तैयार कर एक जगह एकत्रित किए। इसके बाद ठेकेदार के माध्यम से छोटे वाहनों में सुरक्षित तरीके से अयोध्या भेजा गया, ताकि रास्ते में दीपक टूटने से बच सकें। पिछले साल मिले थे 5 लाख दीयों के ऑर्डर इस साल गोंडा के कुम्हारों को पिछले वर्ष के मुकाबले 1 लाख कम दीये बनाने का ऑर्डर मिला है। पिछले साल करीब 5 लाख मिट्टी के दीये अयोध्या भेजे गए थे। इस बार 4 लाख दीयों के निर्माण से कुम्हारों को लगभग 3 लाख रुपए की आमदनी हुई है। इसके बावजूद दीपोत्सव में अपने बनाए दीयों के इस्तेमाल को लेकर कुम्हार उत्साहित हैं। गोंडा और अयोध्या का पौराणिक संबंध मान्यताओं के अनुसार अयोध्या महाराज दशरथ की जन्मभूमि है, जबकि गोंडा को उनकी कर्मभूमि माना जाता है। कहा जाता है कि राजा दशरथ की गायें गोंडा की धरती पर चरने आया करती थीं। इसी पौराणिक और सांस्कृतिक जुड़ाव के चलते दीपोत्सव में हर साल गोंडा के कुम्हारों को लाखों दीये बनाने का काम दिया जाता है। राम की पैड़ी पर सजाए जाएंगे गोंडा के दीये योगी सरकार के कार्यकाल में अयोध्या के भव्य दीपोत्सव के लिए गोंडा के कुम्हारों से हर साल बड़ी संख्या में दीये तैयार कराए जाते हैं। इन्हीं दीयों को राम की पैड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर सजाया जाता है। 7 नवंबर को दीपों में तेल डालकर जलाया जाएगा, जिससे रामनगरी रोशनी से जगमगा उठेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)