कुलपहाड़ में पुरानी रंजिश में दो भाइयों के परिवार भिड़े:रास्ते से बाइक हटाने को लेकर विवाद, दोनों पक्षों से एक-एक घायल; 9 पर मुकदमा
महोबा के कुलपहाड़ में दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। गहरा पहाड़िया इलाके में 2 नवंबर की शाम रास्ते से बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद लाठी-डंडों तक पहुंच गया। दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पहले पक्ष के तोड़न सिंह के पुत्र अजय यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता जानवर लेकर घर लौट रहे थे। गांव के बाहर क्रेशर के पास रास्ते में खड़ी बाइक हटाने को कहने पर करन सिंह, उनके पुत्र सोमिल, नृपत सिंह और नरेंद्र यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने करन सिंह, सोमिल, नृपत और नरेंद्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया है। खेत से लौट रहे युवक को पीटने का आरोप दूसरे पक्ष के करन सिंह यादव ने आरोप लगाया कि खेत में सिंचाई करके लौट रहे उनके पुत्र सोमिल को अजय, राहुल, तोड़न सिंह, मूरत सिंह और खेत सिंह ने घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें सोमिल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसे पहले कुलपहाड़ अस्पताल और फिर जिला चिकित्सालय महोबा में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने तोड़न सिंह, अजय, राहुल, मूरत और खेत सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 110, 190, 191(2), 115(2), 126(2) और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी अवधेश मिश्रा ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)