ठूठीबारी पुलिस ने स्कॉर्पियो से गांजा पकड़ा:भारत-नेपाल सीमा पर 1.25 क्विंटल गांजा मिला, गाड़ी जब्त; महिला गिरफ्तार
महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ठूठीबारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह सात बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी से करीब 1.25 क्विंटल गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। गांजे की इतनी बड़ी खेप मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी से मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए स्कॉर्पियो नंबर UP32 LB 9957 को पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें रखी लाल रंग की बोरियों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से गांजे का वजन कराया, जो करीब सवा क्विंटल बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे। हालांकि, अन्य लोगों की भूमिका और उनकी संलिप्तता को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। बरामद गांजे और वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे महराजगंज या आसपास के इलाकों में कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)