मेरे चुनाव में तीनों मंडल अध्यक्ष इस्तीफा दे देते हैं:इस बार भी दे देंगे; राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने भाजपा विधायक ने पीड़ा सुनाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को भाजपा के सांसदों, विधायकों, राज्यसभा सदस्यों एवं विधान परिषद सदस्यों के साथ करीब 2 घंटे तक बैठक की। इस बैठक में जनप्रतिनिधियों ने चुनाव की तैयारी को बेहतर बताया। सभी ने कहा कि वे अपने क्षेत्र में काफी मेहनत कर रहे हैं लेकिन कुछ ऐसे विषय भी आए, जिससे राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर सभी असहज हो गए। भाजपा सूत्रों की मानें तो गोरखपुर के पड़ोसी जिले के एक विधायक ने चुनाव में संगठन का सपोर्ट न मिलने की बात इशारों में कही। दो बार से चुनाव जीत रहे इस विधायक ने कहा कि वह जब भी विधानसभा का चुनाव लड़ते हैं, उनके विधानसभा क्षेत्र के तीनों मंडल अध्यक्ष इस्तीफा दे देते हैं। इस बार भी पूरा विश्वास है कि इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि मेरे तीन बेटे हैं और उन्हीं को मंडल अध्यक्ष बनाकर काम करता हूं। इसे एक वरिष्ठ पदाधिकारी पर निशाना माना गया। हालांकि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस बात पर विधायक को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यह आपकी गलती है कि संगठन के पदाधिकारियों को संभाल नहीं पा रहे। आपको मंडल अध्यक्षों को संभालना होगा। एक सांसद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुर्मी व सैंथवार मतदाताओं का वोट भाजपा को नहीं मिला। इस पर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसा नहीं है, उनके वोट मिले हैं। सांसद गोरखपुर के पड़ोसी जिले से चुनाव लड़ते हैं। उनका निशाना अपने ही क्षेत्र के एक नेता पर था। सांसद ने यह बातें 2022 के मुकाबले 2024 में घटे मतों पर चर्चा के दौरान कहीं। अब जनता के बीच जाने की जरूरत बैठक में एक विधायक ने कहा कि अब जनता दर्शन लगाने की जरूरत नहीं है। अब हमारे पास समय नहीं है। हमें जनता के बीच जाना होगा। उन्हें अपने पास बुलाने से अच्छा है कि हम उनके पास जाएं तो उससे ज्यादा से ज्यादा लोगों से मिल सकेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी अपने संबोधन में जनता के पास जाने को कहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जीत का मंत्र दिया गोरखपुर के सांसद रविकिशन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जीत का ऐसा मंत्र दिया है कि सभी लोग उत्साहित हैं। भाजपा की बड़ी जीत होगी। हालांकि उन्होंने कहा कि क्या मंत्र उन्होंने दिया है, यह नहीं बताएंगे।
प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी से पूछा कि पिछले तीन महीने में क्या किया। सभी ने अपनी बात बताई है। उन्होंने चुनाव के लिए बचे दो महीनों में क्या करना है, इसके बारे में बताया। सभी को जनता के बीच रहना है। मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए क्या-क्या करना है, इसे काफी विस्तार से राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया है। इस बार भी भाजपा दो तिहाई बहुमत से सत्ता में आएगी। सुबह 4 बजे जागते हैं, रात 12 बजे तक फील्ड में रहते हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों से पूछा कि पिछले 3 महीने में आपने क्या किया? इसपर सभी ने कहा कि वे काफी मेहनत कर रहे हैं। सुबह 4 बजे सोकर उठ जाते हैं और उसके बाद तैयार होकर जनता की सेवा में लग जा रहे हैं। विधायकों ने बताया कि वे देर रात 12 बजे तक फील्ड में रहते हैं और जनता से मिल रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी से जनता के बीच रहने को कहा। यूजीसी का मुद्दा उठा कुछ विधायकों ने यूजीसी का मुद्दा भी उठाया। कहा कि इससे काफी नुकसान हो रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आप लोग सकारात्मक रहिए, सकारात्मक बातें करिए। इसको लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व भी चिंतित है और उसका हल निकालेगा। यूजीसी को लेकर ज्यादे बातें हमारी पार्टी के बीच से ही आ रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)