गोधरा अग्निकांड के दोषी की सजा निलंबित:मेडिकल आधार पर सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 17 साल से जेल में; 31 में 11 को अबतक जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान सिराज पाड़ा की सजा निलंबित कर दी। कोर्ट ने उसे मेडिकल आधार पर जमानत दी है। गुजरात सरकार ने उसकी मेडिकल स्थिति पर आपत्ति नहीं जताई। इरफान को 2025 में भी समय से पहले रिहाई की मांग पर राज्य सरकार से विचार कराने के लिए अंतरिम पैरोल मिली थी। इस मामले में कुल 31 लोग दोषी ठहराए गए थे। इनमें से अब तक 11 को जमानत मिल चुकी है। 2002 में साबरमती एक्सप्रेस के कोच में लगी थी आग 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगने से 58 लोगों की मौत हो गई थी। ट्रेन में अयोध्या से लौट रहे कारसेवक सवार थे। इस घटना के बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे। मार्च 2011 में ट्रायल कोर्ट ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें 11 को फांसी और बाकी 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। 63 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था। 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। बाकी 20 दोषियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। दोषियों की अपील 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। 2022 से अब तक 10 दोषियों को जमानत मिली 13 मई 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने दोषी अब्दुल रहमान धंतिया उर्फ कंकट्टो उर्फ जंबूरो को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी। उसकी पत्नी को अंतिम चरण का कैंसर था और उसकी बेटियां मानसिक रूप से दिव्यांग थीं। 11 नवंबर 2022 को कोर्ट ने उसकी जमानत 31 मार्च 2023 तक बढ़ा दी थी। दिसंबर 2022 में एक अन्य दोषी फारूक को जमानत दी गई। कोर्ट ने उसके मामले में इस बात पर विचार किया था कि वह 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुका है और ट्रेन पर पथराव करने में उसकी भूमिका थी। इसके बाद 21 अप्रैल 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने 8 अन्य दोषियों को जमानत दी थी। इनमें अब्दुल सत्तार इब्राहिम गद्दी असला, यूनुस अब्दुल हक समोल, मोहम्मद हनीफ अब्दुल्ला मौलवी बादाम, अब्दुल रऊफ अब्दुल मजीद ईसा उर्फ धेसली, इब्राहिम अब्दुलरज्जाक अब्दुल सत्तार समोल उर्फ भानो, अयूब अब्दुल गनी इस्माइल पटालिया, सोहेब यूसुफ अहमद कलंदर और सुलेमान अहमद हुसैन उर्फ टाइगर पीर मुसलमान शामिल हैं। गोधरा कांड के बाद दंगों में एक हजार से ज्यादा लोग मारे गए गोधरा कांड के बाद भड़के दंगों में 1044 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 790 मुसलमान और 254 हिंदू थे। गोधरा कांड के एक दिन बाद 28 फरवरी को अहमदाबाद की गुलबर्ग हाउसिंग सोसाइटी में बेकाबू भीड़ ने 69 लोगों की हत्या कर दी थी। इन दंगों से राज्य में हालात इस कदर बिगड़ गए कि स्थिति काबू में करने के लिए तीसरे दिन सेना उतारनी पड़ी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)