वाराणसी में देव दीपावली पर स्वच्छता की अपील:दशाश्वमेध घाट पर की सफाई, श्रद्धालुओं से पॉलिथीन न फैलाने का किया आग्रह
वाराणसी में देव दीपावली के दौरान घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। सोमवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा तट की सफाई करते हुए नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने श्रद्धालुओं से घाटों पर कचरा नहीं फैलाने का आग्रह किया। राजेश शुक्ला ने कहा कि मां गंगा और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। श्रद्धालु घाटों और गंगा में पॉलिथीन, प्लास्टिक की बोतलें, थर्माकोल और अन्य कचरा न डालें। कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालें या अपने साथ वापस ले जाएं। उन्होंने पूजा सामग्री के निस्तारण को लेकर भी अपील की। फूल, माला, दीये और अन्य सामग्री नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित कुंड या उचित स्थान पर रखें। घाटों पर खरीदारी और पूजा का सामान ले जाने के लिए प्लास्टिक के बजाय कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करें। गंगा में स्नान के दौरान साबुन, शैंपू और अन्य रसायनों के इस्तेमाल से बचें। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वयं स्वच्छता का पालन करने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन और नमामि गंगे के प्रयासों के साथ लोगों की भागीदारी से ही गंगा तटों को स्वच्छ रखा जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)