बदायूं में शहीद अंकुश के नाम पर स्मारक की मांग:पिता बोले- बेटे की शहादत से आने वाली पीढ़ियां लेंगी प्रेरणा, दी गई अंतिम विदाई
हरियाणा के हिसार में युद्धाभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आकर शहीद हुए बदायूं के जवान अंकुश को सोमवार को अंतिम विदाई दी गई। बेटे की शहादत के बाद पिता आदेश कुमार ने उसकी यादों को हमेशा जीवित रखने की मांग उठाई है। वह चाहते हैं कि जिस स्थान पर अंकुश का अंतिम संस्कार हुआ है, वहां शहीद स्मारक बनाया जाए। गांव के प्रवेश द्वार का नाम भी अंकुश के नाम पर रखा जाए और उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान से प्रेरणा ले सकें। सेना से रिटायर पिता का बेटा भी था फौज में अंकुश के पिता आदेश कुमार खुद सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके बड़े बेटे अंकुश भी भारतीय थल सेना में तैनात थे। बेटे की शहादत की खबर से परिवार ही नहीं, पूरे जिले में शोक छा गया। सोमवार को अंकुश का पार्थिव शरीर बदायूं पहुंचा तो अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, सपा सांसद आदित्य यादव के निजी सचिव अनिल गोस्वामी, पूर्व दर्जामंत्री आबिद रजा के पीआरओ सरताज हुसैन, DM अवनीश राय, SSP अंकिता शर्मा, SDM सदर साईंआश्रित शाखमुरी और SP सिटी अभिषेक सिंह समेत अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी। बेटे का चेहरा दिखाने की गुहार लगाती रहीं मां और पत्नी पार्थिव शरीर सामने आते ही मां और पत्नी का धैर्य जवाब दे गया। दोनों बिलख उठीं। गांव की महिलाएं उन्हें संभालने की कोशिश करती रहीं, लेकिन मां और पत्नी की जुबां पर एक ही गुहार थी- एक बार अंकुश का चेहरा दिखा दो। परिवार का यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सेना ने सैन्य सम्मान के साथ सौंपा तिरंगा अंकुश को अंतिम विदाई देने के लिए सेना की 101 फील्ड रेजिमेंट की गार्ड भी पहुंची। लेफ्टिनेंट निखिल कुमार सिंह ने सैन्य सम्मान के साथ शहीद की वर्दी उनके ताऊ के बेटे अमित को और तिरंगा पिता आदेश कुमार को सौंपा। इस दौरान उन्होंने गांव वालों से अपील की कि शहीद के परिवार को कभी अकेलेपन का एहसास न होने दें। परिवार के साथ हमेशा खड़े रहें, ताकि उन्हें यह महसूस न हो कि अंकुश अब उनके बीच नहीं हैं। छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, पिता ने दोहराई मांग अंतिम संस्कार के दौरान छोटे भाई विनीत ने बड़े भाई अंकुश को मुखाग्नि दी। इसके बाद पिता आदेश कुमार ने उसी स्थान पर शहीद स्मारक बनवाने की मांग दोहराई, जहां बेटे का अंतिम संस्कार हुआ। उनकी इच्छा है कि अंकुश की प्रतिमा स्थापित हो और गांव के प्रवेश द्वार का नाम उनके नाम पर रखा जाए। इससे आने वाली पीढ़ियों को याद रहेगा कि इसी गांव के एक बेटे ने देश की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)