गोंडा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मां-बेटी की मौत:दवा कराने जा रहे थे, बाइक चला रहा देवर घायल

Nov 08, 2026 - 11:28
0
गोंडा में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मां-बेटी की मौत:दवा कराने जा रहे थे, बाइक चला रहा देवर घायल
गोंडा जिले में कटरा बाजार थाना क्षेत्र के दुबहा-कटरा मार्ग पर रविवार सुबह करीब 10:50 बजे चौहान पुरवा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि देवर साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कटरा बाजार पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दवा कराने जा रहे थे, रास्ते में हुआ हादसा मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के दुबहा बाजार निवासी शाहिद की पत्नी साफिया (30) अपनी 8 माह की मासूम बेटी करिश्मा को लेकर देवर साबिर के साथ बाइक से दवा कराने करनैलगंज जा रही थीं। बाइक जैसे ही दुबहा-कटरा मार्ग पर चौहान पुरवा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साफिया और उनकी गोद में मौजूद 8 माह की बच्ची करिश्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे देवर साबिर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह मजदूरी करते हैं। मां और बहन की मौत से दो मासूम बेटों का रो-रोकर बुरा हाल हादसे के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। राहगीरों की सूचना पर कटरा बाजार थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल साबिर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। साफिया की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटों रिजवान (12) और इमरान (4) को छोड़ गई हैं। मां और बहन की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कटरा बाजार थाना अध्यक्ष अजय तिवारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मां और बेटी के रूप में हुई है, जबकि देवर गंभीर रूप से घायल हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User