कोर्ट ने 50 किसानों को मुकदमे से बरी किया:संतकबीरनगर में 2016 के सड़क जाम मामले में वाद वापसी की अर्जी मंजूर
संतकबीरनगर के मेंहदावल में भूमि अधिग्रहण के मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम करने के मामले में कोर्ट ने 50 किसानों को बरी कर दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने अभियोजन की वाद वापसी की अर्जी स्वीकार की। कोर्ट ने 29 अक्टूबर को मुकदमा खत्म करने का आदेश दिया।
मामला 2016 का है। किसानों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर मेंहदावल में धरना-प्रदर्शन किया और सड़क जाम की थी। पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ धारा 143, 283, 341 और विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 13 के तहत केस दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया।
बाद में उत्तर प्रदेश शासन ने मुकदमा वापस लेने का फैसला किया। शासन के उप सचिव के पत्र के आधार पर अभियोजन अधिकारी ने 23 जून 2021 को सीआरपीसी की धारा 321 के तहत वाद वापसी की अर्जी दी। पत्र में राज्यपाल की अनुमति से लोकहित में मुकदमा वापस लेने की मंजूरी थी।
कोर्ट ने पत्रावली देखने के बाद कहा कि वादी समेत सभी गवाह पुलिसकर्मी हैं और मामले में कोई निजी पीड़ित पक्ष नहीं है। अभियोजन ने भी मुकदमा वापस लेने की पहल की थी। कोर्ट ने कहा कि ऐसे में मुकदमे को लंबित रखने का औचित्य नहीं है।
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के 1980 के फैसले राजेंद्र कुमार जैन बनाम स्टेट का हवाला देते हुए अर्जी स्वीकार की।
बरी किए गए किसानों में अनिल विश्वकर्मा, राजन सिंह, श्यामकरन, अशोक यादव, शिवकुमार यादव, अनिरुद्घ पांडेय, गोरखनाथ पांडेय, मुन्नीलाल, हरिश्चंद्र मौर्य, राधिका, रेशमा, फूलमती और हुमेला शामिल हैं। कुल 50 लोग बरी हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)