हाथरस में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक, मौत:हरियाणा से आकर दीपावली पर पिता के साथ घर की सफाई कर रहा था
हाथरस के हसायन कोतवाली क्षेत्र के कटाई गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 25 साल के युवक की मौत हो गई। वह दीपावली के लिए घर की सफाई कर रहा था। इसी दौरान लोहे की सरिया बिजली के तार से छू गई और करंट लगने से उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना शनिवार देर रात की है। छत पर सरिया ले जाते समय हुआ हादसा मृतक की पहचान गुड्डू पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। उसके पिता गांव में मजदूरी करते हैं, जबकि गुड्डू पानीपत में रहकर बर्तन बेचने और कबाड़ खरीदने का काम करता था। दीपावली मनाने के लिए वह गांव आया हुआ था। शनिवार रात वह पिता के साथ घर की सफाई कर रहा था। इसी दौरान घर में रखी लोहे की सरिया छत पर ले जाते समय पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। सरिया में करंट उतरने से गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुरदिलनगर स्थित 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र में तैनात जूनियर इंजीनियर को दी। पोस्टमार्टम से इनकार, रविवार को किया अंतिम संस्कार सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद रविवार दोपहर करीब दो बजे बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुड्डू छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके तीन भाई और तीन बहनें हैं। उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और उसकी एक साल की बेटी है। दीपावली के त्योहार पर हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम छा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)