गोरखपुर विवि की शोधार्थी सुमैया परवीन सम्मानित:एमएनएनआईटी प्रयागराज में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति, सौर सेल अनुसंधान पर मिली सफलता
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की पीएचडी शोधार्थी सुमैया परवीन ने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), इलाहाबाद में 22 से 24 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित रसायन अभियांत्रिकी सम्मेलन ‘केम-कॉनफ्लक्स 2026’ में नवीन पदार्थ विषय-वर्ग के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार प्राप्त किया। सुमैया परवीन ने अपने शोधकार्य पर मौखिक प्रस्तुति दी। उनका शोध परॉव्स्काइट पदार्थों पर आधारित सौर सेल के संख्यात्मक अनुकरण तथा उनके प्रदर्शन में सुधार पर केंद्रित है। इस शोध का उद्देश्य अधिक दक्ष सौर ऊर्जा रूपांतरण प्रौद्योगिकियों के विकास में योगदान देना है। सुमैया परवीन भौतिकी विभाग में डॉ. विनीत कुमार सिंह के निर्देशन में परॉव्स्काइट सौर सेल पर शोध कर रही हैं। इस उपलब्धि का श्रेय देते हुए उन्होंने अपने शोध-निर्देशक के प्रति आभार व्यक्त किया। इस उपलब्धि से भौतिकी विभाग में हर्ष का वातावरण है। उनके शोध-निर्देशक डॉ. विनीत कुमार सिंह तथा विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार तिवारी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने भी सुमैया परवीन को इस सफलता के लिए बधाई दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)