महिला की हत्या में 3 आरोपी गिरफ्तार:एक नाबालिग हिरासत में, चांदी के जेवर, 9,400 रुपए नकद बरामद
औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र के बंथरा गांव में 62 साल की भूरी देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पुलिस कस्टडी में लिया गया है। एसपी अभिषेक भारती ने रविवार शाम 6 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण और 9,400 रुपए नकद बरामद किए हैं। चोरी के इरादे से घर में घुसे थे आरोपी पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को डायल 112 के जरिए भूरी देवी की घर में मृत्यु होने की सूचना मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भूरी देवी गांव में अकेली रहती थीं। उनके पति अनंगपाल और दोनों बेटे हरियाणा के फरीदाबाद में निजी नौकरी करते हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी दानवीर सिंह उर्फ गोलू ने बताया कि रेनू सेंगर ने भूरी देवी के घर में नकदी और आभूषण होने की जानकारी दी थी। इसके बाद चोरी की योजना बनाई गई। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात गोलू और बाल अपचारी दीवार फांदकर घर में घुसे और नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। इसी दौरान भूरी देवी के जागने और शोर मचाने की आशंका पर आरोपियों ने कथित तौर पर तौलिये से उनका गला दबा दिया। इससे उनकी मृत्यु हो गई। संदेह से बचने के लिए अंतिम संस्कार में भी हुए शामिल पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद संदेह से बचने के लिए आरोपी भूरी देवी के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। बाद में चोरी के सामान का बंटवारा करने के लिए एकत्र हुए तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। चांदी की तोड़िया, 11 बिछिया और नकदी बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानवीर सिंह उर्फ गोलू धाकरे निवासी आगरा, रेनू सेंगर निवासी बंथरा, औरैया और रजित सिंह निवासी इटावा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की तोड़िया, 11 बिछिया और 9,400 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)