हरदोई में घर में घुसकर विवाहिता से छेड़छाड़:विरोध पर मुंह दबाया, पति के काम पर जाने के बाद कमरे में घुसा पड़ोसी
हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर विवाहिता से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति के काम पर जाने के बाद पड़ोस का युवक घर में घुस गया और महिला के साथ अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला का मुंह दबाकर आवाज बंद करने की कोशिश की। इसी दौरान एक ग्रामीण की आहट सुनकर आरोपी महिला को धक्का देकर मौके से भाग निकला। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीवार लांघकर कमरे में घुसा आरोपी जानकारी के अनुसार, पचदेवरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता 22 अक्टूबर की सुबह अपने घर के कमरे में लेटी थी। इसी दौरान उसका पति ई-रिक्शा लेकर काम पर निकल गया। आरोप है कि महिला को घर में अकेला पाकर पड़ोस का युवक दक्षिणी दीवार लांघकर अंदर घुस गया। इसके बाद वह सीधे महिला के कमरे में पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर दबाया मुंह, धक्का देकर भागा विवाहिता ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबाकर आवाज बंद करने की कोशिश की। इसी दौरान आहट सुनकर पास में रहने वाला एक ग्रामीण मुख्य गेट की कुंडी खोलकर अंदर देखने लगा। खुद को घिरता देख आरोपी महिला को जोर से धक्का देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा घटना के बाद पीड़िता पचदेवरा थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333 और धारा 74 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)