चोरी की बाइक से एटा में 56 लाख की लूट:उन्नाव में तीन दिन तक FIR न लिखने पर चौकी इंचार्ज निलंबित
उन्नाव में जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई अपाचे बाइक का इस्तेमाल एटा में ज्वेलर्स कारोबारी से 56 लाख रुपये की लूट में किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक चोरी की शिकायत के बाद तीन दिन तक एफआईआर दर्ज नहीं होने के आरोप पर एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने जिला अस्पताल चौकी इंचार्ज अंजनी सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इंद्रानगर निवासी निकेत चौधरी की अपाचे बाइक 21 अक्टूबर को जिला अस्पताल परिसर से चोरी हो गई थी। बाइक चोरी होने के बाद उन्होंने जिला अस्पताल चौकी में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत मिलने के बावजूद तीन दिन तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। एटा में लूटकांड में सामने आया बाइक का इस्तेमाल 22 अक्टूबर की रात एटा में एक ज्वेलर्स कारोबारी से 56 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक की पहचान उन्नाव से चोरी हुई बाइक के रूप में हुई। इसके बाद मामला सामने आने पर उन्नाव पुलिस ने शुक्रवार रात बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज किया। तीन दिन तक FIR नहीं होने पर उठे सवाल बाइक चोरी की शिकायत पर समय से मुकदमा दर्ज नहीं होने के आरोपों ने जिला अस्पताल चौकी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। समय पर कार्रवाई होने से बाइक की तलाश और उससे जुड़े सुरागों की जांच पहले शुरू हो सकती थी। चौकी इंचार्ज निलंबित, विभागीय जांच के आदेश मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने शनिवार को चौकी इंचार्ज अंजनी सिंह को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। वहीं, चोरी हुई बाइक और एटा की लूट की घटना के बीच संबंधों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही बाइक के इस्तेमाल और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)