हरदोई में युवक ने फंदा लगाकर जान दी:फूफा के घर से दो दिन पहले लौटा था, कमरे में मफलर से लटका मिला शव
हरदोई जनपद के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के टोडरपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फूफा के यहां से दो दिन पहले ही अपने घर लौटे 20 वर्षीय युवक लवकुश ने कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मफलर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है। शनिवार की देर शाम करीब 7:15 बजे उसका शव लटका मिला। फूफा के यहां रहकर सीख रहा था बाइक मैकेनिक का काम मृतक लवकुश अविवाहित था और अपने पिता राममुरारी का इकलौता बेटा था। परिवार के अनुसार, करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व उसकी मां पति और बेटे को छोड़कर चली गई थी। वहीं, लवकुश बचपन से ही शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के महमंदन गांव निवासी अपने फूफा सुरेश भारती के यहां रह रहा था। बड़ा होने के बाद वह वहीं पर बाइक मैकेनिक का काम सीखने लगा था और आत्मनिर्भर बनने की राह पर था। कमरे में मफलर के फंदे से लटका मिला शव परिजनों के मुताबिक, लवकुश दो दिन पहले ही फूफा के गांव से अपने पैतृक घर टोडरपुर वापस लौटा था। शनिवार की शाम वह अचानक अपने कमरे के अंदर गया और काफी देर तक बाहर नहीं निकला। जब परिजनों ने आवाज लगाई और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दरवाजे की दरार से झांककर देखा। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि लवकुश का शव मफलर के फंदे से लटक रहा था। दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतरवाया और अपने कब्जे में लिया। फिलहाल, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस अचानक उठाए गए कदम के पीछे की कोई भी वजह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। थानाध्यक्ष मार्कंडेय सिंह ने बताया कि परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)