हुक्का-रील-वायरल होने पर कोतवाली प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:SSP ने गौरव त्यागी को अनूपशहर कोतवाली का नया प्रभारी बनाया
बुलंदशहर के अनूपशहर कोतवाली परिसर में मिशन शक्ति केंद्र के बाहर हुक्का पीते हुए रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई हुई है। वीडियो में कुछ लोग हुक्का पीते और दबंगई दिखाते नजर आ रहे हैं। वहीं, मौके पर तीन दरोगा भी दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कोतवाली प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस लाइन में तैनात गौरव त्यागी को अनूपशहर कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है। कोतवाली प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों पर एक्शन एसएसपी ने अनूपशहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गौतम, दरोगा केदारनाथ राय, रूपवास चौकी प्रभारी आदेश कुमार, दरोगा जब्बार खान और दरोगा हर्ष मिश्रा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया है। यह कार्रवाई दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद की गई। मार्च का बताया जा रहा वायरल वीडियो पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि मार्च 2026 का है। उस समय भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता किसान नेता राकेश टिकैत की ओडिशा में गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करने अनूपशहर कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान यह रील बनाई गई थी, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। वीडियो में कुछ लोग मिशन शक्ति केंद्र के बाहर हुक्का पीते और रौब दिखाते नजर आ रहे हैं। वहीं, तीन दरोगा भी वहां मौजूद दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में थाना परिसर में इस तरह की गतिविधि को लेकर सवाल उठ रहे हैं। एसपी क्राइम को सौंपी गई जांच एसएसपी के निर्देश पर पूरे मामले की जांच एसपी क्राइम को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)