परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति में देरी पर नाराजगी:वैचारिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन सभी जिलों के बीएसए से करेगा बात
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति में हो रही देरी और चयन वेतनमान की लंबित पत्रावलियों के निस्तारण का मुद्दा मंगलवार को वैचारिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की बैठक में प्रमुखता से उठा। शिक्षकों ने पदोन्नति प्रक्रिया में विलंब पर सवाल उठाते हुए जल्द सूची जारी करने और काउंसिलिंग कराने की मांग की। इस पर संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह ने आश्वस्त किया कि जल्द ही संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान की पहल की जाएगी।
कंपनीबाग स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के सामने संगठन की प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में विभिन्न शैक्षिक एवं शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पदोन्नति के मुद्दे पर डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश के कई जनपदों में पदोन्नति के लिए काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में प्रयागराज में भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार से वार्ता कर नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से पदोन्नति सूची जारी करने, काउंसिलिंग कराने तथा पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का अनुरोध किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने चयन वेतनमान से संबंधित लंबित पत्रावलियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने इनके शीघ्र निस्तारण की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि पात्र शिक्षकों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष गोपेश पाल, नवनीत यादव, मंडल अध्यक्ष दिनेश राव, मंडल उपाध्यक्ष हरि मोहन सिंह, अजब सिंह, जिला महामंत्री सयाराम गुप्ता, चंद्र प्रकाश वर्मा, मनोज कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह, आनंद सिंह, अमित गुप्ता, आनंद कुमार कन्नौजिया, अवधेश कुमार पटेल, जय प्रकाश यादव आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)