इलाहाबाद हाईकोर्ट बार चुनाव की मतगणना फिर शुरू:राहुल पांडे के निधन के बाद रुकी थी गिनती, सोमवार को 4700 मतपत्र गिने गए

Sep 28, 2026 - 19:54
0
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार चुनाव की मतगणना फिर शुरू:राहुल पांडे के निधन के बाद रुकी थी गिनती, सोमवार को 4700 मतपत्र गिने गए
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026-27 की मतगणना अध्यक्ष और महासचिव पद के नतीजे घोषित होने के बाद सोमवार से दोबारा शुरू हो गई। अधिवक्ता राहुल पांडे की अचानक मौत के बाद चुनाव समिति ने दो दिनों के लिए मतगणना रोक दी थी। सोमवार को पांचवें दिन अलग-अलग कक्षों में कुल 4700 मतपत्रों की गिनती की गई। चुनाव समिति के अनुसार सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतगणना चली। लाइब्रेरी हाल में मतपत्र संख्या-2 के 2700 मतपत्रों की गिनती हुई। इसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव प्रशासन पद के मत शामिल हैं। वहीं पं. केएन मिश्र अध्ययन कक्ष (न्यू कमेटी रूम) में मतपत्र संख्या-3 के 2000 मतपत्रों की गिनती की गई। इसमें संयुक्त सचिव लाइब्रेरी, संयुक्त सचिव प्रेस और कोषाध्यक्ष (पुरुष) पद के मत शामिल हैं। राहुल पांडे की मौत के बाद मतगणना दो दिनों के लिए स्थगित कर दी गई थी। राहुल पांडे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष और प्रेस संयुक्त सचिव रह चुके थे। उनकी मौत की सूचना के बाद अधिवक्ताओं में शोक की स्थिति को देखते हुए मतगणना रोक दी गई थी। सोमवार को चुनाव समिति की निगरानी में प्रक्रिया फिर शुरू की गई। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव 17 सितंबर को हुआ था। इसके बाद मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर डॉ. सीपी उपाध्याय और महासचिव पद पर संतोष कुमार मिश्रा के निर्वाचित होने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। अब अन्य पदों के लिए मतगणना की प्रक्रिया जारी है। चुनाव समिति के मुताबिक मंगलवार 29 सितंबर को भी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों स्थानों पर मतगणना जारी रहेगी। लाइब्रेरी हाल में मतपत्र संख्या-2 और पं. केएन मिश्र अध्ययन कक्ष में मतपत्र संख्या-3 की गणना होगी। सोमवार की मतगणना के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नकवी के साथ चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी, जेबी सिंह, राजकुमार शुक्ला, लक्ष्मी कान्त मिश्र और अनुभव शुक्ला मौजूद रहे। चुनाव समिति ने बताया कि बाकी पदों की मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User