इलाहाबाद-झांसी MLC चुनाव, 1.15 लाख वोटर चुनेंगे अपना प्रतिनिधि:54 केंद्रों पर बनाए गए 152 बूथ, 13 प्रत्याशी मैदान में
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए सुबह 8:00 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है। अपने क्षेत्र के शिक्षित जनप्रतिनिधि को चुनने के लिए मतदाताओं में सुबह से ही भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस चुनाव की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल के कुल 10 जिलों के 2.64 लाख मतदाता मिलकर एक एमएलसी चुन रहे हैं। इनमें सबसे अधिक 1,15,019 मतदाता अकेले प्रयागराज में हैं। इसमें 79,823 पुरुष और 35,196 महिला मतदाता हैं। इसके चलते प्रयागराज के वोटर इस पूरे चुनाव में सबसे बड़ी और निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। 54 केंद्र पर 152 बूथ और चाक-चौबंद सुरक्षा
प्रयागराज में 54 मतदान केंद्रों पर 152 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान कराने के लिए लगभग 900 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा को पुख्ता रखने के लिए जिले में कुल 1,709 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें 12 एसीपी, 40 इंस्पेक्टर, 100 से अधिक दरोगा के साथ-साथ पीएसी के जवान शामिल हैं। इसके अलावा पल-पल की निगरानी के लिए 12 जोनल मजिस्ट्रेट, 50 सेक्टर मजिस्ट्रेट और हर बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर मुस्तैद हैं। बैलेट पेपर से वोटिंग, शराबबंदी और अवकाश
एमएलसी चुनाव में ईवीएम के बजाय पारंपरिक बैलेट पेपर से मतदान हो रहा है। मतदाताओं को प्रशासन द्वारा दिए गए विशेष पेन से उम्मीदवारों के नाम के आगे अपनी प्राथमिकता (1, 2, 3...) दर्ज करनी होगी। चुनाव को देखते हुए आज जिले के सभी स्कूलों व संबंधित संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है, वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रखी गई हैं। 13 प्रत्याशी मैदान में
इस चुनाव में कुल 13 प्रत्याशी मैदान में है। इसमें सपा से डॉ. मान सिंह यादव और भाजपा के अशोक कुमार राठौर हैं। अन्य सभी निर्दलीय प्रत्याशी हैं। इसमें केशवकांत शर्मा, दीपक कुमार द्विवेदी, देवेश कुमार सिंह, मान सिंह यादव, रमेश चंद्र दुबे, राज कुमार, राहुल कनकने, विष्णु कुमार, शिवशंकर पटेल, शैलेंद्र कुमार और सारिका हैं। मैरी लूकस कॉलेज में जमा होंगी मतपेटियां, फिर जाएंगी झांसी
शाम को मतदान होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां मतपेटी (बैलेट बॉक्स) को सील कर मैरी लूकस स्कूल एंड कॉलेज पहुंचाई जाएंगी। यहां सभी बूथों के बैलेट बॉक्स संकलित किए जाएंगे, और फिर भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में इन मतपेटियों को मतगणना के लिए झांसी भेजा जाएगा, जहां 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)