इंग्लैंड भेजने के नाम पर युवक से 10 लाख ठगे:स्टडी की जगह रूस का टूरिस्ट वीजा दिया, हापड़ में फर्जी मार्कशीट बनवाने का आरोप
हापुड़ में इंग्लैंड का स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर एक युवक से 10 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि उसके नाम पर करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण भी मंजूर कराया गया। उसे इंग्लैंड भेजने के बजाय रूस का टूरिस्ट वीजा देकर वहां भेज दिया गया। शैक्षिक दस्तावेजों में हेराफेरी कर फर्जी मार्कशीट बनवाने का भी आरोप है। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गढ़मुक्तेश्वर तहसील के गांव गंदूनंगला निवासी सत्यम सिंह ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसकी मुलाकात हाफिजपुर क्षेत्र के गांव अकड़ौली निवासी अभिनव सिद्धू से हुई थी। अभिनव ने इंग्लैंड में पढ़ाई के लिए करीब 16 लाख रुपये खर्च आने की बात कही। सत्यम ने भरोसा करके रिश्तेदार के जरिए 10 लाख रुपये दिए और पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड व शैक्षिक प्रमाणपत्र सौंपे। सत्यम के मुताबिक, कई महीने तक वीजा के नाम पर टालने के बाद अभिनव ने रूस का टूरिस्ट वीजा बनवाया। उसने रूस से इंग्लैंड भेजने का भरोसा दिया। सत्यम रूस पहुंचा, लेकिन वहां के हालात देखकर उसे ठगी का शक हुआ। इसके बाद वह अपने खर्च पर भारत लौट आया। सत्यम का आरोप है कि उसके नाम पर क्रेडिला फाइनेंस लिमिटेड से करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण मंजूर कराया गया। अब ऋण की किस्त के तौर पर उसके पिता के खाते से हर महीने करीब 5 हजार रुपये कट रहे हैं। सत्यम ने रुद्रपुर निवासी चरणप्रीत बाजवा पर भी इस मामले में भूमिका होने का आरोप लगाया है। उसके जरिए इंग्लैंड की फीस के नाम पर 8 लाख रुपये जमा कराए गए थे। इनमें से 6.30 लाख रुपये वापस मिले, जबकि 1.70 लाख रुपये बाकी हैं। युवक का आरोप है कि उसके नाम से 10वीं, 12वीं और स्नातक की फर्जी मार्कशीट भी बनवाई गईं। पीड़ित ने डीआईजी मेरठ से शिकायत की थी। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि अभिनव सिद्धू, चरणप्रीत बाजवा समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)