बिजनौर में दो पक्षों के झगड़े में फायरिंग और पथराव:युवक के पैर में लगी गोली; 5 लोग घायल, एक हायर सेंटर रेफर
बिजनौर के चांदपुर थाना के महदूद नशो गांव में मंगलवार देर शाम मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से अवैध तमंचे से कई राउंड फायरिंग की गई। घटना में पांच लोग घायल हो गए। इनमें फैजान पुत्र इंतजार के पैर में गोली लगी है। गंभीर हालत में उसे सीएचसी स्याऊ से हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पहले एक बारात के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद देर शाम गांव में कासिम और इकरार पक्ष के लोग फिर आमने-सामने आ गए। शुरुआत में मामूली विवाद हुआ, लेकिन कुछ ही देर में मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद पथराव और फायरिंग होने लगी। अचानक गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। फैजान को लगी गोली, चार अन्य भी घायल संघर्ष के दौरान फैजान पुत्र इंतजार के पैर में गोली लग गई। वहीं, मारपीट और पथराव में इंतजार, इकरार, कासिम और नावेद भी घायल हुए हैं। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। फैजान की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। तमंचे से फायरिंग का वीडियो सामने आया घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक कथित तौर पर अवैध तमंचे से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की पुलिस स्तर पर जांच और पुष्टि होना बाकी है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस को अभी नहीं मिली तहरीर चांदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर पंवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महदूद नशो गांव में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई है। इसमें फैजान को गोली लगी है। फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी स्याऊ के प्रभारी चिकित्सक डॉ. जुबैर ने बताया कि पांच घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें फैजान की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। घर पहुंचकर फावड़े से हमला करने का आरोप नावेद ने बताया कि वे लोग बारात में गए थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अल्ताफ ने उनका गिरेबान पकड़ लिया। इस दौरान 8 से 10 लोग मौजूद थे। वहां मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद वे घर लौट आए। नावेद के मुताबिक, घर पर वे लोग आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी अल्ताफ फावड़ा लेकर पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग का आरोप दूसरे पक्ष के इंतजार ने बताया कि परिवार के सभी लोग नगला में बारात में गए थे। वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की, जबकि वे अलग बैठकर खाना खा रहे थे। इंतजार का आरोप है कि कासिम पर उनके एक लाख रुपए बकाया हैं, जिन्हें वह नहीं दे रहा है। इसी बात को लेकर वह कई दिनों से विवाद करने की फिराक में था। इंतजार के मुताबिक, घटना में उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें फैजान को गोली लगी है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास दूसरे पक्ष के युवक के गोली चलाने का वीडियो भी मौजूद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)