इटावा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी:स्टेशन मास्टर के वीएचएफ सेट पर आई बम की सूचना, जांच
इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित इटावा रेलवे जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे स्टेशन मास्टर के वीएचएफ सेट पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बम रखे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), डॉग स्क्वायड और जिला पुलिस की टीमें अलर्ट हो गईं। धमकी की सूचना पर पुलिस और रेलवे की संयुक्त टीमों ने एंटी एक्सप्लोसिव टीम के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। प्लेटफॉर्म नंबर-3 सहित स्टेशन के अन्य प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय और आसपास के स्थानों की बारीकी से जांच की गई। करीब तीन घंटे तक चले अभियान में डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की, लेकिन कहीं भी बम या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी भारी पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बम निरोधक दस्ते के साथ स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने पूरे स्टेशन परिसर की गहन जांच कराई। तलाशी के दौरान कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। वहीं, ऑन ड्यूटी स्टेशन अधीक्षक की सूचना के आधार पर राजकीय रेलवे पुलिस थाने में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अब वीएचएफ सेट पर कॉल कर बम की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। धमकी किसने और किन परिस्थितियों में दी, इसकी जांच की जा रही है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव एसपी क्राइम संतोष सिंह, एसपी सिटी बबीता सिंह, सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)