जालौन में मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का VIDEO:7 सीनियर छात्रों पर कार्रवाई, हॉस्टल से सस्पेंड कर जुर्माना भी लगाया
जालौन। राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सात वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्रों को कमरे में बंद कर गाली-गलौज करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगे। मामले की जांच के बाद प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने सात छात्रों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। प्रधानाचार्य के अनुसार, दोषी पाए गए प्रत्येक छात्र को सात दिन के लिए कॉलेज की शैक्षणिक कक्षाओं, क्लीनिकल ड्यूटी और छात्रावास में रहने से निलंबित किया गया है। साथ ही प्रत्येक छात्र पर एक हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। कार्रवाई की सूची में एमबीबीएस बैच-2025 के सात छात्रों के नाम शामिल हैं।
जूनियर छात्रों को मोबाइल नंबर साझा नहीं करने की हिदायत कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में जूनियर छात्रों को अपने मोबाइल नंबर वरिष्ठ छात्रों को उपलब्ध नहीं कराने की हिदायत दी गई है। नोटिस के मुताबिक, जूनियर छात्रों को मोबाइल नंबर देने के लिए बाध्य करना और उन्हें अनधिकृत संदेश भेजना रैगिंग नियमावली के तहत दंडनीय है। ऐसे संदेश मिलने पर संबंधित नंबर ब्लॉक करने और एंटी रैगिंग कमेटी को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जांच के दौरान वरिष्ठ छात्रों की अनुचित गतिविधियों से जुड़े व्हाट्सऐप संदेश अन्य कनिष्ठ छात्रों को भेजने के मामले में एमबीबीएस बैच-2026 के छात्र जतिन कुमार को चेतावनी दी गई है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संदेश प्रसारित करने वाले छात्रों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। एंटी रैगिंग कमेटी की आपात बैठक बुलाई प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि जूनियर छात्रों के लिए अलग छात्रावास और सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद रैगिंग का मामला सामने आया है। छात्रावासों के वार्डन ने भी निरीक्षण किया है। रैगिंग की रोकथाम के लिए एंटी रैगिंग कमेटी की आपात बैठक बुलाई जाएगी। इसमें जुर्माने की राशि बढ़ाने सहित अन्य सख्त कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)