BJP का ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान:कानपुर में 4 नवंबर को 25 हजार लोग निकलेंगे, अध्यक्ष बोले- इंडी गठबंधन मौहाल बिगाड़ रहा

Oct 24, 2026 - 22:57
0
BJP का ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान:कानपुर में 4 नवंबर को 25 हजार लोग निकलेंगे, अध्यक्ष बोले- इंडी गठबंधन मौहाल बिगाड़ रहा
भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान के जरिए विपक्षी दलों, खासकर इंडी गठबंधन की राजनीति को जनता के सामने उजागर करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत 4 नवंबर को कानपुर में विशाल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद जनसभा आयोजित की जाएगी। पार्टी ने मार्च में करीब 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य बनाया है। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार शाम भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मार्च और जनसभा की रणनीति तय की गई। 'भीड़ के जरिए दबाव बनाने की राजनीति स्वीकार नहीं' बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि इंडी गठबंधन लगातार 400 से 500 लोगों को एकत्र कर जनता को गुमराह करने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इसकी आड़ में भीड़ के जरिए दबाव बनाने और जनता को भ्रमित करने की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता तक सच्चाई पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह अभियान विपक्ष की राजनीति का लोकतांत्रिक और वैचारिक जवाब बनेगा। इसके जरिए विपक्ष के कथित दोहरे चरित्र को जनता के सामने रखा जाएगा। 5 जिलों से जुटाए जाएंगे युवा और प्रबुद्ध नागरिक भाजपा ने मार्च में कानपुर महानगर उत्तर, कानपुर महानगर दक्षिण, कानपुर ग्रामीण, कानपुर देहात और फतेहपुर से करीब 25 हजार युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और लोकतंत्र के सजग प्रहरियों को जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। मार्च के बाद होने वाली जनसभा में अभियान के उद्देश्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों से जनसंपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज करने का आह्वान किया। राजेश पटेल को बनाया अभियान का संयोजक बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री राजेश पटेल को ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान का संयोजक नियुक्त किया गया। उनके नेतृत्व में संबंधित जिलों और महानगर इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित कर मार्च और जनसभा की तैयारियां की जाएंगी। पार्टी के मुताबिक, 4 नवंबर का कार्यक्रम केवल मार्च तक सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए विपक्ष की राजनीति का तथ्यों और विचारों के आधार पर जवाब देने की कोशिश की जाएगी। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री आनंद कुमार सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पवन प्रताप सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, दक्षिण जिला अध्यक्ष शिव राम सिंह और उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के साथ ही क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User