जौनपुर में सोलर संयंत्रों पर जागरूकता कार्यक्रम:प्रशासन, बैंकिंग, उद्योग व सौर ऊर्जा प्रतिनिधियों ने योजना विस्तार पर की चर्चा
जौनपुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर संयंत्र लगाने के काम में तेजी लाने की तैयारी है। बुधवार को विकास भवन में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, फर्स्टव्यू और यूपीनेडा की ओर से जागरूकता एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रशासन, बैंकिंग क्षेत्र, उद्योग जगत और सोलर ऊर्जा से जुड़े प्रतिनिधियों ने योजना के विस्तार और उपभोक्ताओं को वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग देने पर चर्चा की। मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि रूफटॉप सोलर से परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलेगी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने लंबित आवेदनों की नियमित निगरानी और बैंकों, यूपीनेडा तथा बिजली वितरण कंपनी के बीच समन्वय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ गांव-गांव और प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाने के लिए ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को जागरूकता अभियान से जोड़ना होगा। इससे ग्रामीण परिवारों को योजना की प्रक्रिया की सही जानकारी मिलेगी और वे बिचौलियों के बिना इसका लाभ ले सकेंगे। सीडीओ ने बताया कि जौनपुर में 20,689 सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष अब तक 8,043 संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम) इंडियन बैंक हर्षमान कुमार ने योजना के वित्तीय पक्ष की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक पात्र उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए वित्तीय सहयोग देने को तैयार हैं। उन्होंने आवेदकों से जरूरी दस्तावेजों के साथ नजदीकी बैंक शाखा में संपर्क करने की अपील की। यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी नंद लाल कुमार ने सोलर संयंत्रों की स्थापना से जुड़ी तकनीकी और प्रक्रियात्मक जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अधिकृत और एम्पैनल्ड वेंडर का चयन करने तथा साइट सर्वेक्षण, इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और निरीक्षण की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने को कहा। किसी समस्या या देरी की स्थिति में यूपीनेडा के अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना जनपद में क्रियान्वयन एवं अवसर' विषय पर प्रस्तुति दी गई। इसमें आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी व्यवस्था, वेंडर चयन, संयंत्र स्थापना और विभिन्न हितधारकों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। पीएचडीसीसीआई के सीनियर रेजिडेंट ऑफिसर अमरेश रस्तोगी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम परिवारों, छोटे उद्योगों, बैंकों और सोलर वेंडरों को स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी गतिविधियों के लिए एक मंच पर लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 4 से 6 दिसंबर 2026 तक वाराणसी के दीनदयाल हस्तकला संकुल में उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX) 2026 आयोजित होगा। इसमें स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र के नीति-निर्माता, बिजली कंपनियां, उद्योग और प्रौद्योगिकी प्रदाता शामिल होंगे। उन्होंने जौनपुर के उद्यमियों, सोलर इंस्टॉलरों और संस्थानों से एक्सपो में भाग लेने की अपील की। खुली चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने सब्सिडी जारी होने, बैंक ऋण, नेट मीटरिंग, वेंडर चयन और सोलर संयंत्रों की स्थापना में लगने वाले समय से जुड़े सवाल पूछे। संबंधित अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने उनके सवालों के जवाब दिए। आयोजकों ने कहा कि योजना को व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए जनभागीदारी, प्रशासनिक सक्रियता, बैंकिंग सहयोग और उद्योग जगत की सहभागिता जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)